योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप में लखनऊ के अरुण कक्कड़ सहित कई खिलाड़ियों ने फाइनल में बनाई जगह
लखनऊ,खेल संवाददाता। लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी व सुषमा की जोड़ी ने अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में कोर्ट पर बेहतरीन जुगलबंदी दिखाते हुए महिला युगल 45 वर्ष से अधिक का खिताब अपने नाम कर लिया।
मधु ने महिला एकल फाइनल में भी बनाई जगह
मधु ने इसी के साथ महिला एकल 45 वर्ष से अधिक के फाइनल में भी जगह बना ली। दूसरी ओर लखनऊ के अरुण कक्कड़ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक के फाइनल में जगह बना ली।
गोमती नगर में हो रहा है टूर्नामेंट का आयोजन
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में लखनऊ बैडमिंटन संघ के सचिव एवं ख्याति प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में इस चैंपियनशिप का आयोजन बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खण्ड, गोमती नगर, लखनऊ में किया जा रहा है।
दूसरे दिन कई वर्गों में फाइनलिस्ट तय
दूसरे दिन खेले गए मैचों में महिला एकल 50 वर्ष से अधिक में लखनऊ की सुषमा और मिश्रित युगल 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में दूसरी वरीय लखनऊ के शैलेंद्र पावाह व मधु ज्ञानचंदानी भी खिताबी होड़ में पहुंच गए।
महिला युगल 45+ का खिताब लखनऊ के नाम
आज खेले गए मैचों में महिला युगल 45 वर्ष से अधिक के फाइनल में लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी व सुषमा ने निधि कनोदिया व सुनीता यादव (कानपुर/गाजियाबाद) को 21-4, 21-8 से हराकर खिताब जीता।

महिला एकल 45+ में मधु और अनुराधा फाइनल में
महिला एकल 45 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी ने लखनऊ की ही सविता सिंह को 21-17, 16-21, 21-12 से पराजित किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा ने दूसरी वरीय यूपी पुलिस की अर्चना को 21-12, 21-9 से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई।
पुरुष युगल 65+ में अरुण कक्कड़ की जोड़ी फाइनल में
पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में लखनऊ के अरुण कक्कड़ व गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव की जोड़ी ने मेरठ के रण पाल सिंह व वीरेंद्र सिंह को 21-9, 21-11 से हराकर खिताबी होड़ में जगह बनाई।
अरुण कक्कड़ ने पुरुष एकल 70+ में भी बढ़ाया कदम
अरुण कक्कड़ ने इसी के साथ पुरुष एकल 70 वर्ष से अधिक के क्वार्टर फाइनल में कानपुर के राजीव को 21-10, 21-11 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।

महिला एकल 50+ में सुषमा का शानदार प्रदर्शन
महिला एकल 50 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में लखनऊ की सुषमा ने दूसरी वरीय कानपुर की निधि कनोदिया को 21-4, 21-7 से हराया।
मिश्रित युगल 45+ में रोमांचक मुकाबले
मिश्रित युगल 45 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में दूसरी वरीय लखनऊ के शैलेंद्र पावाह व मधु ज्ञानचंदानी ने अनुतोष कमल व सविता सिंह (बहराईच/लखनऊ) को 21-8, 21-8 से हराया, जबकि रविंद्र सिंह व कल्पना सिंह (नोएडा/लखनऊ) ने शीर्ष वरीय सुरेंद्र कुमार व अनुराधा शर्मा (मेरठ/गाजियाबाद) को 21-13, 21-11 से हराया।
अन्य सेमीफाइनल मुकाबलों के नतीजे
अन्य मुकाबलों में महिला एकल 60 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में गाजियाबाद की रेखा सिंह ने नोएडा की ममता रानी यादव को 22-20, 23-21 से हराया। महिला युगल 40 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा व मधुमिता मिश्रा ने रानी सुनीता व सविता सिंह (जालौन/लखनऊ) को 21-13, 20-22, 26-24 से पराजित किया।
इसी के साथ पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय जौनपुर के धर्मेद्र शर्मा ने वाराणसी के राजीव कुमार सिंह को 21-15, 21-16 से और दूसरी वरीय कानपुर के पवन गुप्ता ने लखनऊ के एसके श्रीवास्तव को 15-11, 15-13 से हराया।





