भारतीय वायुसेना के पायलटों की टीम को दिखाया गया
लखनऊ। लखनऊ के युवा फिल्म निर्देशक और क्रिएटर कुशल श्रीवास्तव कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना की बहादुरी को अपनी नई वेब सीरीज आॅपरेशन सफेद सागर के माध्यम से जीवंत करने जा रहे हैं। यह सीरीज सच्ची घटनाओं पर आधारित है। 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान एयरफोर्स के सबसे चुनौतीपूर्ण और ऊंचाई वाले हवाई अभियान आॅपरेशन सफेद सागर की अनकही कहानी बयां करेगी। यह फिल्म एयरफोर्स के शौर्य के साथ ही स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा (वीरचक्र से सम्मानित) के जीवन से परिचित कराएगी। कुशल श्रीवास्तव जो पहले फिल्म वोडका डायरीज के निर्देशक और प्रोड्यूसर रह चुके हैं और भारतीय वायुसेना से जुड़े अनुभव रखते हैं। इस प्रोजेक्ट के क्रिएटर और शो रनर हैं। उन्होंने अभिजीत सिंह परमार के साथ मिलकर इसे तैयार किया है। कुशल श्रीवास्तव ने बताया कि आॅपरेशन सफेद सागर में भारतीय वायुसेना के पायलटों की टीम को दिखाया गया है, जो अत्यधिक ऊंचाई, कठिन मौसम और दुश्मन की चुनौतियों के बीच पाकिस्तानी घुसपैठियों को रोकने के लिए जोखिम भरा मिशन अंजाम देते हैं। यह सीरीज न केवल युद्ध की रणनीति, तकनीकी चुनौतियों और वीरता को उजागर करती है, बल्कि पायलटों के व्यक्तिगत संघर्ष, साथी भावना, बलिदान और देशभक्ति की भावनाओं को भी गहराई से चित्रित करती है। इसे इंडियन टॉप गन की तरह देखा जा रहा है, जहां एक्शन, इमोशन और ऐतिहासिक सटीकता का शानदार मिश्रण है। कुशल ने बताया कि सीरीज में प्रमुख भूमिकाओं में सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, मिहिर आहूजा, अर्नव भसीन, दिया मिर्जा जैसे कलाकार नजर आएंगे। कुशल ने बताया कि सीरीज की कहानी विशेष रूप से 17वीं स्क्वाड्रन गोल्डन एरोज के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां स्क्वाड्रन कमांडर विंग कमांडर बी.एस. धनोआ (बाद में एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ) एक प्रमुख किरदार हैं। जिमी शेरगिल ने एयर चीफ मार्शल बी.एस. धनोआ का किरदार निभाया है।





