लखनऊ। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, नई दिल्ली के सहयोग से भारतोदय संस्था द्वारा दो दिवसीय रंगमण्डलीय प्रस्तुति के अंर्तगत आज दूसरे दिन शांति इंटर कॉलेज, भरत नगर, लखनऊ के सभागार में नाटक ‘मरने के शॉर्टकट’ का मंचन किया गया। नाटक का लेखन डॉ. कुमार संजय एवं निर्देशन जूही कुमारी द्वारा किया गया। नाटक के माध्यम से कलाकारों ने दिखाया कि, क्या मुसीबतों से छुटकारा पाने का सबसे आसान तरीका आत्महत्या है? क्या आत्महत्या करने से सारी समस्याएं दूर हो जाती हैं? नहीं आत्महत्या कोई समाधान नहीं बल्कि मानव जीवन की सबसे बड़ी भूल होती है जिसे फिर मनुष्य चाहकर भी कभी नहीं सुधार सकता।
नाटक अलग-अलग तरीकों से आत्महत्या करने वाले व्यक्तियों के दर्द को बयां करता है। यह सच है कि कोई खुशी खुशी आत्महत्या नहीं करता परंतु परेशानियों से छुटकारा पाने का आखिरी रास्ता भी आत्महत्या नहीं। नाटक के सभी पात्र भूत के रूप में थे जोकि आत्महत्या करके ही भूत योनि में प्रवेश किए हैं और सभी मिलकर आत्महत्या के शॉर्टकट यानी जो इंस्टेंट हो, पेनलेस हो और गारंटेड हो दर्शकों को बताने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन करते हैं, जिसमें सभी भूत अपने-अपने अनुभव बताते हैं कि उन्होंने किन परिस्थितियों में किस तरह से आत्महत्या की, और पश्चाताप भी करते हैं।
घबरा के कहते हैं कि मर जाएंगे, मर कर भी चैन न मिला तो किधर जाएंगे। नाटक में जूही कुमारी, अनामिका रावत, लावण्या बाजपेई, मृतुन्जय प्रकाश, उज्ज्वल सिंह, मुकुल कुमार, अभिषेक कुमार, अनूप जयसवाल, रोहित चौहान, कुष्ण कुमार पाण्डेय, आकाश मिश्रा, आशीष पांडेय, विजय सिंह, चंद्रभाष सिंह, आयुष प्रजापति, आदि कलाकरों ने जीवंत अभिनय किया। नाटक के विषय और कलाकरों के अभिनय की सभी दर्शकों ने खूब सराहना की।





