टूर्नामेंट के शुरुआती दिन भारतीय दल ने कई महत्वपूर्ण जीत दर्ज कीं, जिसमें विश्व कप फाइनल्स के चैंपियन हितेश गुलिया और प्रीति ने टीम का नेतृत्व किया।
स्पेन । ला नूसिया में आयोजित बॉक्सम एलीट इंटरनेशनल टूर्नामेंट 2026 के पहले दिन भारतीय मुक्केबाजों ने रिंग में अपना दबदबा कायम किया। टूर्नामेंट के शुरुआती दिन भारतीय दल ने कई महत्वपूर्ण जीत दर्ज कीं, जिसमें विश्व कप फाइनल्स के चैंपियन हितेश गुलिया और प्रीति ने टीम का नेतृत्व किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 21 देशों के 214 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं, लेकिन पहले दिन भारतीय मुक्केबाजों की तकनीकी श्रेष्ठता और आक्रामक खेल के सामने प्रतिद्वंद्वी बेबस नजर आए।
पुरुषों के 70 किग्रा वर्ग में हितेश गुलिया ने नीदरलैंड के फिन बोस को 5:0 के एकतरफा अंतर से शिकस्त देकर अपनी दावेदारी मजबूत की। हितेश ने पूरे मैच के दौरान रिंग पर नियंत्रण बनाए रखा और अपनी सटीक टाइमिंग से विपक्षी मुक्केबाज को अंक जुटाने का कोई मौका नहीं दिया। वहीं, महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग में प्रीति ने भी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए कजाकिस्तान की अलियास्कर सिम्बैट को 5:0 से हराया। प्रीति के पंचों के बेहतरीन संयोजन और मजबूत रक्षात्मक खेल ने उन्हें मैच में शुरू से अंत तक बढ़त दिलाए रखी।
महिलाओं के अन्य मुकाबलों में प्राची (57 किग्रा), प्रिया (60 किग्रा) और काजल (65 किग्रा) ने भी अपने-अपने मैचों में जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। प्राची और प्रिया ने क्रमशः स्पेन की वेनेसा मोरेल रामिरेज़ और कनाडा की एलेसिया मानसुएटो को 5:0 के समान अंतर से मात दी। काजल को कजाकिस्तान की असेम तानातार के खिलाफ कड़ी चुनौती मिली, लेकिन उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए 4:1 से मुकाबला अपने नाम किया।
पुरुषों के वर्ग में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। 60 किग्रा वर्ग में सचिन ने स्पेन के ब्रैंडन एलेजांद्रो को 5:0 से रौंदा, जबकि अनुभवी मोहम्मद हुसामुद्दीन ने डेनमार्क के मथियास मेहमत बुयुकदेमिर को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 4:1 से हराया। अविनाश जामवाल (65 किग्रा) ने डेनमार्क के कालिद उस्मान के खिलाफ 5:0 की क्लीन स्वीप दर्ज की, जबकि दीपक (70 किग्रा) ने बेल्जियम के हॉर्नेल आयतेवी को 4:1 से शिकस्त दी। आकाश (75 किग्रा) और अंकुश (80 किग्रा) ने भी 4:1 के अंतर से जीत दर्ज कर भारत के दबदबे को बरकरार रखा। हालांकि, 65 किग्रा वर्ग में आदित्य प्रताप यादव को इंग्लैंड के जो टर्नर के हाथों हार का सामना करना पड़ा।





