नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल प्रदेश के लोगों को रविवार को उनके राज्य स्थापना दिवस पर बधाई दी और आशा व्यक्त की कि यह राज्य राष्ट्र निर्माण एवं देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, आध्यात्मिक परंपराओं के कारण देवभूमि तथा शौर्य परंपरा के कारण वीरभूमि कही जाने वाली हिमाचल की धरती पर प्रकृति का असीम वरदान है जो इस राज्य के प्रति अद्भुत आकर्षण उत्पन्न करता है।
उन्होंने कहा, मुझे विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश के कर्मठ निवासी राष्ट्र निर्माण तथा देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। मैं राज्य के सभी लोगों के स्वर्णिम भविष्य की मंगलकामना करती हूं।हिमाचल प्रदेश 25 जनवरी, 1971 को भारतीय संघ का 18वां राज्य बना। मुर्मू ने कहा,हिमाचल प्रदेश के ‘पूर्ण राज्यत्व दिवस’ पर राज्य के सभी निवासियों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं।





