मुंबई । घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरूआती कारोबार में भारी अस्थिरता देखी गई। विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी और वैश्विक शुल्क संबंधी अनिश्चितताओं के बीच निवेशक बाजार से दूर रहे। बीएसई सेंसेक्स शुरूआती कारोबार में 53.88 अंक टूटकर 83,573.11 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 16.55 अंक फिसलकर 25,719.25 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन, सन फार्मा और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। हालांकि, टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक के शेयर फायदे में रहे। एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहा।
अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.15 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से।,499.81 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने।,181.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया 11 पैसे की बढ़त के साथ 90.12 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को शुरूआती कारोबार में निचले स्तर से उबरते हुए 11 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.12 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी मुद्रा के कमजोर रुख से घरेलू मुद्रा को बल दिया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में जुझारूपन देखने को मिली, हालांकि व्यापारी भू-राजनीतिक घटनाक्रमों पर नजर रखते हुए और अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों के आने से पहले सतर्क रुख अपना रहे हैं।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 90.26 प्रति डॉलर पर खुला और 89.94 के स्तर तक मजबूत हुआ। हालांकि बाद में फिर 90.12 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 11 पैसे अधिक है। रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.23 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.90 पर रहा।
घरेलू शेयर बाजार के मोर्चे पर सेंसेक्स शुरूआती कारोबार 34.81 अंक चढ़कर 83,662.50 अंक पर जबकि निफ्टी 14.15 अंक की बढ़त के साथ 25,746.90 अंक पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.17 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से।,499.81 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।





