मुंबई । स्थानीय शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में रविवार को दोपहर के कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बजट में जिंस वायदा पर प्रतिभूति लेनदेन कर को 0.02 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत करने का प्रस्ताव इसकी मुख्य वजह रही।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सरकार के सभी प्रकार के शेयरधारकों के लिए पुनर्खरीद (बायबैक) से प्राप्त आय पर पूंजीगत लाभ के रूप में कर लगाने की भी घोषणा की। शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव के बाद 30 शेयर वाला बीएसई सेंसेक्स ने वापसी लेकिन बजट प्रस्तुति के बीच यह अपनी बढ़त गंवा बैठा।
कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स में 2,370.36 अंक या 2.88 प्रतिशत की भारी गिरावट आई और यह 80,000 अंक के स्तर से नीचे टूटकर 79,899.42 अंक पर आ गया। 50 शेयर वाला एनएसई निफ्टी 748.9 अंक या 2.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,571.75 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में 6.50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। भारतीय स्टेट बैंक, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और इटर्नल के शेयर भी गिरावट में रहे।सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर लाभ में रहे।
एशियाई बाजार रविवार को अवकाश के कारण बंद रहेंगे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,251.37 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।





