नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए चयन समिति की सिफारिशों पर मुहर लगा दी है। पहली बार देश के सर्वोच्च खेल सम्मान यानी राजीव गांधी खेल रत्न से पांच खिलाड़ियों को नवाजा जाएगा। सेवानिवृत्त जज मुकंदकम शर्मा की अगुवाई वाली 12 सदस्यीय कमेटी ने मनिका के अलावा क्रिकेटर रोहित शर्मा, एशियाई खेलों की चैंपियन पहलवान विनेश फोगाट, रियो पैरालंपिक स्वर्ण विजेता मरियप्पन थंगावेलु के नाम की सिफारिश खेल रत्न के लिए की थी।
पांचवां नाम हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल का था, कमेटी ने रानी पर अंतिम फैसला खेल मंत्री पर छोड़ दिया था, अब उसे भी मान लिया गया है। भारतीय खेल सम्मान के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ था, जब खेल रत्न पा चुके एथलीट, अर्जुन अवॉर्ड के दावेदार थे। वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और पहलवान साक्षी मलिक के नाम कमेटी ने पूरी तरह मंत्रालय पर छोड़ दिए थे। अब लिस्ट में इन दोनों का नाम नहीं है। यानी 29 में से 27 लोगों को अर्जुन अवॉर्ड मिलेंगे।
इनमें इशांत शर्मा, दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), अतानु दास (तीरंदाजी), शिवा केशवन (लूज),दुती चंद (एथलेटिक्स, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी (बैडमिंटन) विशेष भृगुवंशी (बास्केटबॉल),मनीष कौशिक,लवलीना (बॉक्सिंग), रिस सावंत (घुड़सवारी), संदेश झींगन (फुटबॉल),अदिति अशोक (गोल्फ), आकाशदीप सिंह, दीपिका कुमारी (हॉकी), दीपक हुड्डा (कबड्डी) , काले सारिका (खो-खो), दत्तू भोकनाल (रोइंग), मनु भाकर, सौरभ चौधरी (शूटिंग), मधुरिका पाटकर (टेबल टेनिस), दिविज शरण (टेनिस), दिव्या काकरान, राहुल अवारे (कुश्ती), सुयश जाधव (पैरा एथलेटिक्स) संदीप (पैरा एथलेटिक्स), मनीष नरवाल (पैरा शूटिंग) जैसे नाम हैं।
मनु भाकर और सौरभ चौधरी का नाम पिछले वर्ष राष्ट्रीय राइफल संघ ने अर्जुन अवॉर्ड के लिए नहीं भेजा था, पहली बार भेजे गए आवेदन में मनु और सौरभ के नाम पर कमेटी ने मुहर लगा दी। लाइफटाइम कैटेगरी में आठ लोगों को और नियमित श्रेणी में पांच नाम द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए चुने गए हैं।





