वरिष्ठ संवाददाता लखनऊ। केजीएमयू में हद्य रोगियों को इमरजेंसी में मुफ्त ईसीजी की सुविधा मिलेगी। अभी तक यह सुविधा केवल ट्रामा सेन्टर में ही थी। मगर अब यह अन्य विभागों में भी लागू होगी। केजीएमयू कार्य परिषद ने इसकी सहमति दे दी है।
किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी अब हृदय रोगियों को और सुविधाएं देगा। अफसरों का कहना है कि हृदय रोगियों को तत्काल इलाज की जरूरत होती है। इमरजेंसी में आने पर शुल्क चुकाने में काफी समय बर्बाद हो जाता है। इससे मरीजों की हालत बिगड़ सकती है। अब ऐसा नहीं होगा। केजीएमयू में कई विभागों में इमरजेंसी सेवाएं चलती हैं। लिम्ब सेन्टर के साथ लारी, गायनी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी समेत अन्य विभाग शामिल हैं। दिल की बीमारी से पीड़ित सबसे ज्यादा करीब 200 मरीज लारी कॉर्डियोलॉजी की इमरजेंसी में आ रहे हैं। इसके बावजूद यहां अभी तक शुल्क चुकाने के बाद ही ईसीजी जांच हो पा रही थी। कुलपति डॉ. बिपिन पुरी का कहना है कि इमरजेंसी में निशुल्क ईसीजी जांच से मरीजों को राहत मिलेगी। तीमारदारों की भागदौड़ भी कम होगी।





