जर्मनी/लखनऊ, विशेष संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी मार्गदर्शन व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में जर्मनी पहुंचा प्रतिनिधिमंडल वहां के उद्यमियों से संवाद स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व प्रदेश सरकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जर्मन-इजराइल की अग्रणी कंपनी क्वाटंम सिस्टम जीएमबीएच के साथ बैठक की। यह कंपनी मानवरहित और ड्रोन आधारित प्रौद्योगिकी की विशेषज्ञ है। यह कंपनी भारत में पिछले एक दशक से अधिक समय से उन्नत हवाई निगरानी तथा 160 किमी तक की परिचालन क्षमता वाले मानवरहित प्लेटफॉर्म में विशेषज्ञ है।
इस कंपनी की टेक्नोलॉजी जर्मनी और स्पेन की सशस्त्र सेनाओं की सेवा में भी है। उपमुख्यमंत्री व आईटी मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भारत की तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था का मुख्य केंद्र है। राज्य प्रतिनिधिमंडल ने निवेश, रक्षा विनिर्माण, एयरोस्पेस सहयोग एवं औद्योगिक साझेदारी के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और परिणामोन्मुख बैठकें कीं।न्यूरेम्बर्ग, जर्मनी में उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने नूर्नबर्गमेस्से ग्रुप के सीईओ पीटर ओटमैन से भेंट कर उत्तर प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं एवं औद्योगिक सहयोग पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, निवेशक-अनुकूल वातावरण, विश्वस्तरीय अवसंरचना एवं कुशल मानव संसाधन की जानकारी देते हुए जर्मन उद्योग जगत को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
इसी क्रम में जर्मन-इजराइली अग्रणी कंपनी क्वांटम टेक्नोलॉजीज के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित हुई। कंपनी मानव रहित एवं ड्रोन आधारित उन्नत तकनीकों, रक्षा-स्तरीय टोही प्रणाली तथा 160 किलोमीटर तक की परिचालन क्षमता वाले उच्च-ऊंचाई प्लेटफॉर्म विकसित करने में विशेषज्ञ है। कंपनी की तकनीक जर्मनी एवं स्पेन की सशस्त्र सेनाओं द्वारा उपयोग में लाई जा रही है तथा प्रिसिजन एग्रीकल्चर में भी सहायक है। उत्तर प्रदेश सरकार ने कंपनी को राज्य में विनिर्माण एवं अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। बैठक में विनिर्माण, अनुसंधान, कौशल विकास एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्रों में दीर्घकालिक सहयोग पर सहमति बनी, जिससे भारत के एयरोस्पेस एवं मानव रहित प्रणाली तंत्र को सशक्त किया जा सके। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की सशक्त औद्योगिक पारिस्थितिकी, रक्षा विनिर्माण को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों तथा आकर्षक प्रोत्साहनों को रेखांकित करते हुए उत्तर प्रदेश को एयरोस्पेस एवं रक्षा निवेश के प्रमुख गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया।
न्यूरेम्बर्ग में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते एवं अन्य गणमान्यजनों के साथ आयोजित रात्रि भोज के दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, निवेश वातावरण एवं उभरते आर्थिक अवसरों पर सार्थक चर्चा हुई। साथ ही जर्मनी में भारत के कांसल जनरल श्री शत्रुघ्न सिन्हा से भी आत्मीय मुलाकात कर द्विपक्षीय सहयोग को और सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श किया गया। इससे पूर्व उप मुख्यमंत्री ने जर्मनी स्थित मदरसन सूमी प्लांट का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विस्तार एवं निवेश संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। फ्रैंकफर्ट में आयोजित इन्वेस्टर्स कॉन्क्लेव में उन्होंने प्रदेश के अनुकूल आर्थिक परिदृश्य, मजबूत आधारभूत संरचना एवं विविध क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
केल्स्टरबाख के मेयर मैनफ्रेड ओकेल, रौनहेम के मेयर डेविड रेंडेल और इनोवेशन राइनमेन के सीईओ स्टीफन विट्टेकिंड से भेंट कर द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न आयामों पर चर्चा हुई। चर्चा का मुख्य केंद्र फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट एवं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच लॉजिस्टिक्स, डाटा सेंटर, नवाचार एवं औद्योगिक विकास के क्षेत्र में सहयोग स्थापित करना रहा। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मजबूत नीतिगत समर्थन एवं विश्वस्तरीय अवसंरचना के साथ उत्तर प्रदेश उन्नत विनिर्माण एवं रणनीतिक निवेश का अग्रणी केंद्र बनता जा रहा है। प्रदेश सरकार सुरक्षित, सक्षम एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के प्रति पूर्णत: प्रतिबद्ध है।





