लखनऊ । केंद्रीय रक्षा मंत्री और स्थानीय सांसद राजनाथ सिंह अपने तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ पहुंचे। लखनऊ एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित कई वरिष्ठ मंत्रियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। रक्षा मंत्री 5 जून से 7 जून तक लखनऊ में रहेंगे, जहां वे विभिन्न सामाजिक, संगठनात्मक और जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ आम नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। अपने दौरे के पहले दिन शुक्रवार को उन्होंने हिंद नगर में स्वर्गीय अशोक मोतियानी, कृष्णा नगर में स्वर्गीय दर्शन लाल और कैंट क्षेत्र की बड़ी लाल कुर्ती में रूपा देवी के आवास पर जाकर मुलाकातें कीं। इसके बाद, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने कैंट स्थित कस्तूरबा पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। दोपहर में वे राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के आवास भी गए, जबकि शाम को दिलकुशा लान में ‘बायोयुग ग्रीन कमांड’ कार्यक्रम और सेवा अस्पताल में आयोजित ‘राम कथा महोत्सव’ में शिरकत की।
दौरे के दूसरे दिन यानी 6 जून को रक्षा मंत्री सुबह 11:45 बजे गोमतीनगर के वास्तु खंड में प्रशांत सिंह अटल के आवास जाएंगे। इसके बाद, दोपहर 12:10 बजे वे निराला नगर स्थित स्वर्गीय भगवती शुक्ला के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। शनिवार शाम छह बजे उनका हरदोई रोड स्थित मिलेनियम पैलेस जाने का कार्यक्रम है, जहां वे पश्चिम मंडल-2 के प्रबुद्ध नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर संवाद करेंगे।
अपने दौरे के अंतिम दिन, 7 जून को राजनाथ सिंह दोपहर 12 बजे आलमबाग के टेढ़ी पुलिया स्थित जीपी होटल एंड बैंक्वेट पहुंचेंगे। वहां वे कैंट मंडल-एक के प्रबुद्ध नागरिकों और प्रबुद्ध समाज के लोगों के साथ आयोजित एक विशेष संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस तीन दिवसीय व्यस्त दौरे के समापन के बाद, रक्षा मंत्री दोपहर 1:10 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से राजकीय विमान द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।





