back to top

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लेने मथुरा पहुंचे CM योगी

जिला संवाददाता मधुसूदन शर्मा/मथुरा। प्रधानमंत्री के 23 नवम्बर के प्रस्तावित/संभावित कार्यक्रम के दृष्टिगत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद मथुरा का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम श्री बांके बिहारी मन्दिर वृन्दावन के दर्शन किये, विधि विधान से पूजा अर्चना की तथा पूजा के पश्चात मन्दिर का निरीक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने मन्दिर के आवागमन मार्गों, मन्दिर के प्रवेश एवं निकास द्वारों का जायजा लिया तथा सुदृढ़ व्यवस्थाओं हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने श्री बांके बिहारी जी मन्दिर के निकट श्री मदन मोहन जी मन्दिर के दर्शन किये तथा मन्दिर की व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। सुरक्षा व्यवस्था हेतु पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिये। दर्शन करने के पश्चात मुख्यमंत्री पवनहंस हैलीपैड वृन्दावन से हेलीकाॅप्टर के माध्यम से मथुरा पुलिस लाइन हैलीपैड स्थल पहुॅचें। पुलिस लाइन हैलीपैड स्थल से कार द्वारा मुख्यमंत्री संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार, उ0प्र0 पर्यटन विभाग, उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन एवं हस्तशिल्प मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग द्वारा आयोजित ब्रज रज उत्सव-2023 रेलवे ग्राउण्ड मेला स्थल पर पहुॅचे।

जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया और आगामी प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की रूप रेखा के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मेला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, सीटिंग प्लान, प्रवेश एवं निकास द्वार, टाॅयलेट, शौचालय आदि की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिये।

प्रधानमंत्री को दिखाने वाली प्रदर्शनियों के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह एवं उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेन्द्र प्रताप ने मेले के मानचित्र के माध्यम से प्रवेश एवं निकास द्वार, मंच, कार्यक्रम स्थल, पदर्शनी स्थल, फूड स्टाॅल, झूला क्षेत्र, हस्तशिल्प प्रदर्शनी आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

ब्रज रज उत्सव-2023 के संबंध में उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कान्त मिश्र ने मुख्यमंत्री को संत मीरा बाई की 525 वीं जयन्ती के उपलक्ष्य में जन्मोत्सव आयोजन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दिनांक 23 नवम्बर 2023 को सांसद हेमा मालिनी द्वारा भक्त मीरा-वैले की प्रस्तुति दी जायेगी, जिसमें प्रधानमंत्री सम्मिलित होंगे। उन्होंने ब्रज रज उत्सव-2023 के अन्तर्गत दिनांक 14 से 27 नवम्बर 2023 तक होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ब्रज रज उत्सव-2023 के कार्यक्रम स्थल निरीक्षण के पश्चात राजाधिराज श्री द्वारकाधीश मन्दिर पहुॅचें, जहां मुख्यमंत्री ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मन्दिर प्रागंण का निरीक्षण किया। उक्त निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुॅचें, जहां पर दर्शन कर विधि विधान से पूजा अर्चना की। दर्शन के बाद उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर का निरीक्षण किया, व्यवस्थाओं का जायजा लिया, सुरक्षा व्यवस्थाओं हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

मुख्यंमंत्री ने उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद के सभागार में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित/संभावित कार्यक्रम के दृष्टिगत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक ली। मुख्यमंत्री ने बैठक में जन प्रतिनिधियों से कहा कि आप सभी स्वच्छता के विशेष कार्यक्रम आयोजित करें, अपने अपने क्षेत्रों में आमजनमानस तथा प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित कराते हुए जनजन तक स्वच्छता का संदेश दें तथा सभी को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनपद को स्वच्छ बनाते हुए प्लास्टिक मुक्त किया जाये। अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति कार्यवाही की जाये। जनपद को पूरी तरह प्लास्टिक से मुक्त किया और इसका सख्ती के साथ अनुपालन करायें। नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि कूडे का डोर टू डोर कलेक्शन को और प्रभावी किया जाये, मार्गों पर कूडा नहीं होना चाहिए, कंही पर भी कूड़ा जलना नहीं चाहिए तथा कूडे का कलेक्शन करते हुए डम्पिंग ग्राउण्ड पर पहुॅचाया जाये और उसका निस्तारण किया जाये।

नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि जहां जरूरत पड़े वहां आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारियों को नियुक्त करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया जाये। नगर आयुक्त को निर्देश दिये कि जहां जहां बाॅल पैन्टिंग होनी है वहां पर समय से पैंन्टिंग करायी जाये। निराश्रित गौवंशों का व्यवस्थित रूप से प्रबंधन करें। नगर आयुक्त को धर्म स्थलों पर टैक्स की दरों के परिवर्तन के संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि महापौर, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त आदि धर्मगुरूओं के साथ बैठक करें तथा धार्मिक स्थलों पर लगने वाले टैक्स के संबंध में चर्चा करें। धार्मिक स्थलों से न्यूनतम/नौमिनल टैक्स की वसूली की जाये। धर्मगुरूओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित करते रहें।

मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिये कि जो प्राईवेट कम्पनी टैक्स वसूलने की कार्यवाही करती है, उन पर पैनी नजर बनाये रखें, उनके कार्यों की समय समय पर जांच करें। ऐसी व्यवस्था बनायें, जिससे प्राईवेट कम्पनी लोगों का उत्पीड़न न कर सकें तथा वह अपनी मनमानी न चला सकें। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश दिये कि समस्त सड़कों को गढ्ढामुक्त किया जाये, पैचवर्क का कार्य किया जाये, कोई भी सड़क टूटी न हो तथा कंही पर गंदगी न हो।

विद्युत विभाग के एमडी को निर्देश दिये कि मार्गों पर बिजली के तारों को दुरूस्त करायें तथा जहां अनावश्यक तार लटके हुए हैं उन्हें हटाया जाये। सड़कें साफ सुथरी दिखें, लटके हुई केबल एवं बिजली की तारों को व्यवस्थित करायें। ब्रज रज उत्सव-2023 कार्यक्रम स्थल पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था दोनों तरफ से होनी चाहिए, जिसमें जनरेटर की व्यवस्था तथा विद्युत विभाग द्वारा निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जाये।

मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा कि दिनांक 23 नवम्बर 2023 को हेमा मालिनी के भक्त मीरा वैले कार्यक्रम में लोगों को आमंत्रित करें। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए अधिकाधिक जनपदवासियों को कार्यक्रम में बुलायें। ऐसी यातायात व्यवस्था बनायें कि मथुरा वृन्दावन में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। जब प्रधानमंत्री का मन्दिरों का भ्रमण हो तब श्रद्धालुओं को विनम्रता पूर्वक साइड/मार्गों के किनारे कर दिया जाये।

सुरक्षा व्यवस्था हेतु एडीजी आगरा जोन आगरा को निर्देश दिये कि भीड़ में आराजकतत्वों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि यदि मा0 प्रधानमंत्री जी मन्दिर में दर्शन करने जाते हैं, तो प्रति मन्दिर की सुरक्षा व्यवस्था में एसएसपी लेवल के अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाये। रूट व्यवस्था का पहले ही रिर्सल कर लिया जाये। एसएसपी स्वयं यातायात व्यवस्था एवं रूट व्यवस्था की कमान संभालें। एडीजी को निर्देश दिये कि सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखते हुए पहले से ही पुलिस बल की मांग कर लें।

सड़क मार्गों से अनाधिकृत होर्डिग्ंस हटाये जायें एवं सभी रोड़ों के ऊपर लगे बैनरों को तत्काल प्रभाव से हटवायें। कोई भी होर्डिंग्स एवं बैनर रोड़ पर न लटके हों। सुदृढ़ यातायात हेतु आवश्यकतानुसार बैरीकेटिंग एवं बैरीयर की व्यवस्था की जाये। कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल टाॅयलेट, पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित ब्रज रज उत्सव-2023 कार्यक्रम के अधिकाधिक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिये। मथुरा में विभिन्न स्थानों पर स्क्रीन के माध्यम से लाइव कार्यक्रम दिखाने के निर्देश दिये।

बैठक में मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मीलें लक्ष्मी नारायण चैधरी, सांसद हेमा मालिनी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)/प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद कुमार अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, विधायक मांट राजेश चैधरी, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड रविकांत गर्ग, एमएलसी ओमप्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पाण्डेय, महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी, उ0प्र0 ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कान्त मिश्र, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री उ0प्र0 शासन संजय प्रसाद, एडीजी आगरा जोन आगरा अनुपम कुलश्रेष्ठ, मण्डलायुक्त आगरा मण्डल आगरा रितु माहेश्वरी, जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेन्द्र प्रताप, नगर आयुक्त शशांक चैधरी, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 अजय कुमार वर्मा, सीएफओ एनपी सिंह, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग सौरभ बैराटी, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि अधिकारी डाॅ गौरी शंकर मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

डिवाइडर से टकराई स्लीपर बस, 38 लोग घायल

कन्नौज। उत्तर प्रदेश में कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर शुक्रवार देर रात एक बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई...

सुल्तानपुर लूटकांड मामले का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

लखनऊ। सुल्तानपुर में 28 अगस्त को जौहरी की दुकान में दिनदहाड़े डकैती करने के एक आरोपी को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने स्थानीय पुलिस...

बैंकॉक में फ़ूडमैन विशाल सिंह को हंगर फ्री वर्ल्ड मिशन के लिए किया गया सम्मानित

हंगर फ्री वर्ल्ड कॉन्फ्रेंस में आए कई देशों के प्रतिनिधियों ने फ़ूडमैन विशाल सिंह को हंगर फ्री वर्ल्ड का चेयरमैन नियुक्त किया लखनऊ. विश्व...

Latest Articles