BJP ने 21 प्रत्याशियों को दिया टिकट, विनेश फोगाट के सामने कैप्टन बैरागी को उतारा

नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी। पार्टी ने जुलाना सीट से कांग्रेस उम्मीदवार पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ युवा नेता कैप्टन योगेश कुमार बैरागी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में दो मुस्लिम उम्मीदवारों को भी टिकट देने की घोषणा की गई है। BJP ने फिरोजपुर झारिका से नसीम अहमद और पुन्हाना से ऐजाज खान को चुनावी मैदान में उतारा है।

सिरसा के डबवाली विधानसभा सीट से पार्टी ने सरदार बलदेव सिंह मांगीयाना को उम्मीदवार बनाया है। यहां से जननायक जनता पार्टी (जजपा) के दिग्विजय चौटाला चुनावी मैदान में हैं। यह चौटाला परिवार की परंपरागत सीट मानी जाती है। दिग्विजय जजपा के महासचिव और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के छोटे भाई हैं। पार्टी ने ऐलनाबाद सीट से अमीर चंद मेहता को उम्मीदवार बनाया है। यह विधानसभा क्षेत्र सिरसा लोकसभा सीट का हिस्सा है। यह सीट भी चौटाला परिवार का गढ़ मानी जाती है। साल 2000 में हुए चुनाव के बाद इस सीट पर इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) का कब्जा रहा है। साल 2021 में इस सीट पर हुए उपचुनाव में इनेलो के अभय चौटाला ने जीत हासिल की थी।

खेल से राजनीति में आईं कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट के खिलाफ जुलाना में BJP ने युवा नेता और एयर इंडिया की नौकरी छोड़कर राजनीति में कदम रखने वाले कैप्टन योगेश कुमार बैरागी पर दांव खेला है। सफीदों निवासी योगेश इस समय BJP युवा मोर्चा की हरियाणा इकाई के उपाध्यक्ष हैं। BJP ने बुधवार को जारी अपनी पहली सूची में 67 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। हरियाणा के मुख्यमंत्री एवं करनाल से मौजूदा विधायक नायब सिंह सैनी को कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से मैदान में उतारा गया है।

BJP की नजर हरियाणा में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने पर है, लेकिन उसे कांग्रेस से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। कांग्रेस राज्य में सत्ता विरोधी लहर का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होना है और मतगणना 8 अक्टूबर को होगी।

RELATED ARTICLES

अतरौली में पारंपरिक लोक संस्कृति कार्यक्रम ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

लोक गीत-संगीत और नृत्य की छटा ने बांधा समां, भारतीय लोकसंस्कृति संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल लखनऊ । मायापुरी कॉलोनी, अतरौली में स्थित सोशल...

राष्ट्रपति ट्रंप की टेढ़ी नजर से लड़खड़ाया भारतीय शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी गिरे

मुंबई। घरेलू बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका के 25 प्रतिशत शुल्क लगाने और रूस...

विश्व बैंक के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री बोले-भारत के प्रति अमेरिकी नीति दुर्भाज्ञपूर्ण मोड़ ले रही है

नयी दिल्ली। विश्व बैंक के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री कौशिक बसु ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत के प्रति अमेरिकी आर्थिक नीति ने दुर्भाज्ञपूर्ण मोड़...