दो दिवसीय भरतनाट्यम मास्टर क्लास का समापन
लखनऊ। भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के नृत्य विभाग द्वारा शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय भरतनाट्यम मास्टर क्लास का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह मास्टर क्लास पद्मविभूषण पंडित बिरजू महाराज की स्मृति में स्थापित पीठ के अंतर्गत आयोजित की गई। कार्यशाला के द्वितीय एवं अंतिम दिवस पर विषय विशेषज्ञा डॉ. पद्मजा सुरेश (बेंगलुरु) द्वारा विद्यार्थियों को वसंत ऋतु नामक स्वरचना का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों से कठोर अभ्यास भी कराया गया, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता एवं भावाभिव्यक्ति परिष्कृत हुई।
डॉ. पद्मजा सुरेश ने प्रशिक्षण सत्र के दौरान विद्यार्थियों को नाट्यशास्त्र के मूल सिद्धांतों, नटराज शिव के विविध आयामों तथा भरतनाट्यम की दार्शनिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से भी अवगत कराया। उन्होंने वर्तमान पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की परंपरा को सहेजने तथा उसे भावी पीढ़ियों तक उसी श्रद्धा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ पहुँचाने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
कार्यशाला में नृत्य विभाग के विभागाध्यक्ष एवं शिक्षकगण सहित संगतकर्ता एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने इस मास्टर क्लास को अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया। इस दो दिवसीय मास्टर क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को भरतनाट्यम की तकनीकी संरचना, अंग-संचालन, ताल-बोध, भाव-अभिनय तथा मंचीय प्रस्तुति की सूक्ष्मताओं का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक ज्ञान प्राप्त हुआ।





