मुंबई । बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही शुक्रवार दोपहर मुंबई के उपनगरीय अंबोली लिंक रोड पर हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गईं। पुलिस के अनुसार, जिस कार में नोरा सवार थीं, उसे एक अन्य कार ने टक्कर मार दी। इस मामले में पुलिस ने विनय सकपाल (27) नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर शराब के नशे में वाहन चलाने का संदेह है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के समय नोरा फतेही सनबर्न म्यूजिक फेस्टिवल में प्रस्तुति देने के लिए जा रही थीं। दुर्घटना के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। सूत्रों के मुताबिक, जांच के बाद उन्होंने दक्षिण मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।
हादसे के बाद नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए अपनी सेहत को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि वह सुरक्षित हैं, लेकिन अभी भी सदमे में हैं। नोरा ने बताया कि नशे में गाड़ी चला रहे व्यक्ति की कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह कार के अंदर उछल गईं और उनका सिर खिड़की से टकरा गया।
नोरा ने कहा, “मैं जिंदा हूं और ठीक हूं। कुछ मामूली चोटें, सूजन और हल्की सिर की चोट आई है। यह बहुत बुरा हो सकता था। मैंने अपनी जिंदगी को आंखों के सामने से गुजरते देखा।”
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ के सेवन के बाद गाड़ी न चलाएं। अभिनेत्री ने साफ शब्दों में कहा कि वह शराब और ड्रग्स जैसी चीजों को बढ़ावा नहीं देतीं और यह 2025 में भी चर्चा का विषय होना दुखद है। पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।





