8 स्वर्ण पदकों संग चमकेंगी अंशिका
लखनऊ। भातखंडे संस्कृति विवि का 15वां दीक्षांत समारोह 10 सितंबर को होगा। इस बार नृत्य विभाग में एमपीए कथक की छात्रा अंशिका कटारिया को राय उमाबलि मेघा स्वर्ण पदक, युवा आदित्य रंजन स्वर्ण पदक और पद्मभूषण सरोजा वैद्यनाथन स्वर्ण पदक समेत कुल 8 स्वर्ण पदक मिलेंगे। इसके अलावा बीपीए तबला के शिवम कुमार को 5 पदक और बीपीए गायन की स्वर्णिमा वर्मा को 5 पदक दिए जाएंगे। इस बार दीक्षांत समारोह में भारतेंदु नाट्य अकादमी पहली बार शामिल हो रहा है। इस वजह से इस बार गायन वादन और नृत्य के साथ नाट्यकला में भी डिग्री और पहला पद्मश्री राज बिसारिया स्वर्ण पदक दिया जाएगा। नाट्यशास्त्र में पहला पद्मश्री राज बिसारिया स्वर्ण पदक एमडीए के छात्र देवांश प्रसाद को मिलेगा। विवि में इस बार पहली बार सबसे अधिक 9 पीएचडी डिग्री दी जाएंगी। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय सांस्कृतिक सम्बन्ध परिषद के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे शामिल होंगे। विवि की कुलपति प्रो सृष्टि धवन ने बताया कि 15वें दीक्षांत समारोह में कुल 140 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएंगी।
कुलसचिव डॉ. सृष्टि धवन ने बताया कि कुल 140 विद्यार्थियों को डिग्रियां दी जाएंगी, जिनमें से 75 छात्राएं होंगी। स्नातक में नौ विद्यार्थियों को डिग्रियां मिलेंगी, जिनमें से पांच छात्राएं होंगी। परास्नातक में 62 छात्राओं और 60 छात्रों को डिग्री मिलेगी। पीएचडी के नौ विद्यार्थियों को डिग्री मिलेगी, जिनमें से आठ छात्राएं हैं। दीक्षांत समारोह की संयोजक डॉ. रुचि खरे ने बताया कि छात्रों का ड्रेस कोड सफेद कुर्ता-पायजामा व छात्राओं के लिए लाल बार्डर की सफेद साड़ी रहेगी।
दो नए पदक किए गए शामिल
प्रो. मांडवी ने बताया कि कि इस बार दीक्षांत समारोह में दो नए मेडल शामिल किए गए हैं। इनमें मां उमा प्रभाकर अवॉर्ड पहली बार बीपीए (गायन) की छात्रा स्वर्णिमा वर्मा को दिया जाएगा। इसे भातखंडे विवि की पूर्व शिक्षिका डॉ. सीमा भारद्वाज ने मां के नाम से स्पॉन्सर किया है। पहली बार बीएनए के किसी छात्र को स्वर्ण पदक की घोषणा की गई है। एमडीए (नाट्यकला) के छात्र देवांश प्रसाद को पहला पद्मश्री प्रो. राज बिसारिया स्वर्ण पदक मिलेगा।