लखनऊ। राजधानी के लखनऊ पब्लिक स्कूल साउथ सिटी की छात्रा यशस्वी चौधरी ने सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में 98.4 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। यशस्वी ने दो विषयों में शतक मारा है। उन्हें गणित और सामाजिक अध्ययन में 100 में से 100 अंक मिले हैं।
यशस्वी के पिता संजय कुमार ईएसआई अस्पातल में फार्मासिस्ट हैं। यशस्वी ने बताया कि पिता का सपना है कि वह इंजीनियर बने। उनके इस सपने को पूरा करना ही लक्ष्य है।
अपनी उपलब्धि के बारे में बताया कि उनका पढ़ाई करने का एक टाइम टेबल रहता है। इस नियम को कभी नहीं तोड़ा। इसी का नतीजा है कि गणित और सामाजिक विज्ञान में 100-100 अंक मिले हैं।
वह बताती हैं कि गणित और विज्ञान पसंदीदा विषय है इसलिए पढ़ाई का आधा समय नियमित रूप से इन विषयों को दिया। स्कूल में जो भी पढ़ाया गया, उसे नियमित रूप से घर पर दोहराया। उन्होंने कोई कोचिंग नहीं की थी।