लखनऊ। लखनऊ के मड़ियांव इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11 चोरी की मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद हुई हैं, जिससे कई पुराने चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
राजधानी लखनऊ में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मड़ियांव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने सुमित जायसवाल नाम के एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से अलग-अलग कंपनियों की 11 चोरी की मोटरसाइकिलें और स्कूटी बरामद की गई हैं। ये वाहन मड़ियांव, अलीगंज और विकासनगर थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे, जिनके संबंध में पहले से मुकदमे दर्ज थे।
बताया जा रहा है कि आरोपी को मुखबिर की सूचना पर मड़ियांव पुल के नीचे स्थित सुलभ शौचालय के पास से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने कई चोरियों की वारदात कबूल की है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुमित जायसवाल पहले भी जालसाजी, चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है। वह अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की गाड़ियों को कम कीमत में बेच देता था।
इस पूरी कार्रवाई को मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानन्द मिश्र के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें राम-राम बैंक चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।





