नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 2019 में आज ही के दिन हुए आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों को शनिवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि हर भारतीय उनके अदम्य साहस से प्रेरणा लेता है।
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भी हमले में जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी।मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘2019 में आज ही के दिन पुलवामा में अपनी जान गंवाने वाले बहादुर नायकों को याद करता हूं। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और सेवा हमारी सामूहिक चेतना में हमेशा के लिए अंकित रहेगी। प्रत्येक भारतीय उनके अटूट साहस से प्रेरणा लेता है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि सीआरपीएफ कर्मियों का सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र की स्मृति में सदा अंकित रहेगा।उन्होंने कहा, पुलवामा आतंकी हमले में प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनका सर्वोच्च बलिदान राष्ट्र के स्मृति में सदा अंकित रहेगा और हमें एक मजबूत एवं सुरक्षित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।
एक आत्मघाती हमलावर ने 14 फरवरी 2019 को विस्फोटकों से लदी गाड़ी को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को ले जा रही बस से टकरा दिया था जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे। कुछ दिनों बाद, भारत ने जवाबी हमला किया, जिसे ‘बालाकोट एयरस्ट्राइक’ के नाम से जाना जाता है।





