ओडिशा । झारसुगुड़ा जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के पास हुआ, जब ड्यूटी पर जा रही पुलिस की बोलेरो को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच जवानों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर कर्मी काशीराम भोई, देबदत्त सा, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा के रूप में हुई है।
हादसे में घायल तीन अन्य कर्मियों आर्म्ड पुलिस रिजर्व के दो सदस्य और एक सार्जेंट को रेस्क्यू कर झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी जा रही है और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है।





