मुंबई। टाइगर श्रॉफ केवल ऐक्शन मास्टर और सुपर डांसर ही नहीं, एक लाजवाब सिंगर भी हैं, ये तो आप सभी जानते ही हैं। टाइगर को इससे पहले हमने म्यूजिक और धुनों पर रिकॉर्डिंग स्टूडियो में गाते सुना है, लेकिन अब जो वीडियो सामने आया है उसे देखकर आप उनकी आवाज के कायल हो जाएंगे। टाइगर इस वीडियो में बिना किसी म्यूजिकल यंत्रों के कनैडियन सिंगर जस्टिन बीबर का सॉन्ग गाते नजर आ रहे हैं। टाइगर एक कमरे में बैठकर गाने में मशगूल नजर आ रहे हैं। हालांकि, उन्हें इस बात की बिल्कुल भी भनक नहीं कि कोई उन्हें रिकॉर्ड कर रहा है। टाइगर अपनी शानदार आवाज में गुनगुनाते हुए जैसे ही मुड़ते हैं, कैमरे को सामने देखकर झेंप जाते हैं। टाइगर के इस वीडियो पर इंडस्ट्री से कई सिलेब्रिटीज ने कॉमेंट किया है। उनकी बहन कृष्मा श्रॉफ ने उन्हें- आई मिस यू कहा है, वहीं सुजैन खान, डीनो मोरिया जैसे कईयों ने उनकी जमकर तारीफ की है। टाइगर ने साल 2014 में कृति सैनन के साथ ‘हीरोपंती’ से बॉलिवुड डेब्यू किया था। अब टाइगर इस फिल्म के सीक्वल (हीरोपंती 2) के साथ पर्दे पर छा जाने को तैयार हैं। इस फिल्म में ए.आर रहमान का भी जादू खूब चलने वाला है। फिल्म में टाइगर के साथ तारा सुतारिया की जोड़ी इस बार दर्शकों के दिलों को जीतने आ रही है।





