लखनऊ। पौराणिक मान्यता के अनुसार जब समुद्र मंथन हुआ तो उसमें से भगवान धन्वंतरि अमृत कलश लेकर प्रकट हुए। उनके अमृत कलश लेकर प्रकट होने के कारण लोग धनतेरस पर बर्तन खरीदते हैं और घर में पूजा करते हैं। धन वृद्धि के लिए तांबे का बर्तन खरीदना काफी शुभ माना गया है। धनतेरस का पर्व इस वर्ष 18 अक्तूबर को मनाया जाएगा। इस दिन खरीदारी के तीन शुभ मुहूर्त मिल रहे हैं। भगवान धन्वंतरि को श्रीहरि का अंशावतार माना जाता है। इस कारण धनतेरस पर्व मनाया जाता है। धनतेरस के दिन कुबेर, भगवान धन्वंतरि और माता लक्ष्मी के पूजन का विधान है। इस दिन बाजार से कुछ न कुछ खरीदकर घर लाने की परंपरा है। विशेषकर सोने या चांदी की चीजें खरीदने का महत्व है। बहुत से लोग लक्ष्मी-गणेश बने सोने-चांदी के सिक्के खरीदते हैं। इसके अलावा स्टील, पीतल या तांबे आदि के बर्तन भी खरीदे जाते हैं। वर्ष पर्यंत धन वृद्धि के लिए यह शुभ माना गया है।
धनतेरस में खरीदारी का महत्व:
धनतेरस के दिन जो भी खरीदा जाता है उससे घर की सुख-समृद्धि में चार चांद लग जाते हैं। धनतेरस के दिन घर में किसी चीज का आगमन पूरे साल भर की खुशियों के आगमन के समान है। धनतेरस के दिन जो भी खरीदा जाए उसका दीपावली के दिन तक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। दीपावली पर उसे देवी के सामने रखकर पूजा करनी चाहिए और बाद में उसे उपयोग में लेना चाहिए।
धनत्रयोदशी के शुभ मुहूर्त:
18 अक्तूबर, दिन में 12:19 बजे त्रयोदशी तिथि समापन : 19 अक्तूबर दिन में 01:51 बजे अभिजित मुहूर्त : दिन में 12: 01 बजे से 12: 48 बजे तक चौघड़िया मुहूर्त: दिन में 01:51 बजे से 03:18 बजे तक प्रदोष काल: शाम 06:11 बजे से रात 08:41 बजे तक
ऐसे करें पूजन
पंचाग के अनुसार इस दिन 16 क्रियाओं से धनवंतरि देव की पूजा करनी चाहिए। इनमें आसन, पाद्य, अर्घ्य, स्नान, वस्त्र, आभूषण, गंध (केसर-चंदन), पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, आचमन (शुद्ध जल), दक्षिणायुक्त तांबूल, आरती, परिक्रमा आदि है। धनतेरस पर तांबा, पीतल और चांदी के बर्तन खरीदने की परंपरा है। शाम को घर के मुख्य द्वार और आंगन में दीये जलाने चाहिए। इसके बाद यम देव के निमित्त दीपदान करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से यमराज के भय से मुक्ति मिलती है।
मां लक्ष्मी के प्रतीक झाड़ू को खरीदने का धार्मिक महत्व
धनतेरस पर झाड़ू खरीदने का विशेष महत्व है। मत्स्य पुराण के अनुसार, झाड़ू को माता लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदने से घर में बरकत बनी रहती है। फूल और सींक वाली झाड़ू खरीदना शुभ होता है। झाड़ू खरीदने के बाद उसपर सफेद धागा बांधें। इससे दरिद्रता से छुटकारा मिलता है। झाड़ू घर में कभी खड़ा करके नहीं रखना चाहिए। उसे हमेशा ऐसी जगह पर रखें जहां किसी की नजर न पड़े। झाड़ू पर पैर लगना अशुभ माना जाता है। घर में पुराना और टूटा झाड़ू नहीं रखना चाहिए। इससे नकारात्मक ऊर्जा आती है।