लखनऊ। खगोल विज्ञान में दिलचस्पी रखने वालों के लिए ग्रहण एक अद्भुत अकाशीय घटना होती है। जिसका इंतजार लोग बेसब्री से करते हैं। साल 2025 में चार ग्रहण लगेंगे जिसमें से दो सूर्य ग्रहण और दो चंद्र ग्रहण लेकिन उनमें से केवल एक ही भारत में दिखाई देगा, वो कौन सा ग्रहण होगा इसी के बारे में हम आपको आगे आर्टिकल में डिटेल बताने जा रहे हैं, ताकि आप भी ग्रहण का दीदार कर सकें।
पूर्ण चंद्र ग्रहण 14 मार्च को, भारत में नहीं आएगा नजर
साल का पहला ग्रहण ‘पूर्ण चंद्रग्रहण’ होगा। यह खगोलीय घटना 14 मार्च को भारतीय समयानुसार दिन में घटित होगी। इसलिए चंद्रग्रहण भारत में नहीं देखा जा सकेगा। यह चंद्रग्रहण अमेरिका, पश्चिमी यूरोप, पश्चिमी अफ्रीका और उत्तरी और दक्षिणी अटलांटिक महासागर जैसे क्षेत्रों में दिखाई देगा।
आंशिक सूर्य ग्रहण 29 मार्च को, भारत में नहीं आएगा नजर
साल का पहला सूर्य ग्रहण आंशिक होगा। यह ग्रहण 29 मार्च को लगेगा, इसे भी भारतीय आकाशदर्शी नहीं देख पाएंगे। यह ग्रहण केवल उत्तरी अमेरिका, ग्रीनलैंड, आइसलैंड, उत्तरी अटलांटिक महासागर, यूरोप और उत्तर-पश्चिमी रूस में दिखाई देगा।
दूसरा पूर्ण चंद्रग्रहण 7-8 सितंबर को, भारत में आएगा नजर
खगोल विज्ञान में दिलचस्पी रखने वाले भारतीय सितंबर में पूर्ण चंद्रग्रहण का दीदार कर सकते हैं. पूर्ण चंद्रग्रहण एशिया के अन्य देशों के साथ-साथ यूरोप, अंटार्कटिका, पश्चिमी प्रशांत महासागर, आॅस्ट्रेलिया और हिंद महासागर क्षेत्र में भी नजर आएगा। यह अद्भुत खगोलीय घटना रात 8:58 मिनट से सुबह 2:25 बजे तक चलेगी। इस दौरान चंद्रमा गहरे लाल रंग का दिखाई देगा, जिसे ‘ब्लड मून’ के रूप में जाना जाता है।
2025 का अंतिम ग्रहण ‘आंशिक सूर्य ग्रहण’ 21-22 सितंबर को, भारत में नहीं आएगा नजर
साल की अंतिम खगोलीय घटना 21-22 सितंबर को आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में घटित होगी। यह भी भारत में नजर नहीं आएगा। आंशिक सूर्य ग्रहण न्यूजीलैंड, पूर्वी मेलानेशिया, दक्षिणी पोलिनेशिया और पश्चिमी अंटार्कटिका में देखा जा सकता है। इसके अलावा साल 2025 में आ 7 अक्टूबर, 5 नवंबर और 5 दिसंबर 2025 को सुपरमून जैसी अद्भुत खगोलीय घटना का लुत्फ उठा सकते हैं। इस दिन यह सामान्य से बड़े और चमकीले दिखाई देंगे, जिससे एक शानदार नजारा आसमान में नजर आएगा।
मार्च में लगेगा साल 2025 का पहला चंद्र ग्रहण
लखनऊ। हिंदू धर्म में चंद्र ग्रहण का विशेष महत्व है। खगोलीय घटना हमेशा पूर्णिमा तिथि पर होती है। हिंदू शास्त्रों में चंद्र ग्रहण को लेकर कुछ नियम वर्णित हैं। मान्यता है कि चंद्र ग्रहण के दौरान कुछ कार्यों को करने की मनाही होती है। साल 2024 की तरह नए साल 2025 में भी चंद्र ग्रहण लगेगा। चंद्र ग्रहण का प्रभाव मानव जीवन पर भी पड़ेगा। साल का पहला चंद्र ग्रहण मेष से लेकर मीन राशि पर प्रभाव डालेगा। ज्योतिष गणना के अनुसार, साल 2025 का पहला चंद्र ग्रहण फाल्गुन मास की पूर्णिमा को लगेगा। इस साल फाल्गुन पूर्णिमा 14 मार्च 2025 को है। साल का पहला चंद्र ग्रहण 14 मार्च 2025 को सुबह 09 बजकर 29 मिनट से दोपहर 03 बजकर 29 मिनट तक रहेगा।
क्या भारत में पहला चंद्र ग्रहण दिखाई देगा-
भारत में पहला चंद्र ग्रहण दिखाई नहीं देगा। इस वजह से चंद्र ग्रहण का सूतक काल मान्य नहीं होगा।
मार्च 2025 में लगने वाले चंद्र ग्रहण का प्रभाव-
ज्योतिषाचार्य नरेंद्र उपाध्याय के अनुसार, चंद्र ग्रहण एक नकारात्मक शब्द है। ग्रहण किसी के लिए अच्छा नहीं रहता है। मार्च 2025 में लगने वाला चंद्र ग्रहण किसी भी राशि पर अच्छा प्रभाव नहीं डालेगा। चंद्र ग्रहण के प्रभाव से शारीरिक, मानसिक व आर्थिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। परिस्थितियां प्रतिकूल रहेंगी। किसी भी तरह का रिस्क लेने से बचना चाहिए।