back to top

पंडालों में विराजे विघ्नहर्ता, गणपति बप्पा मोरया के लगे जयकारे

गणपति बप्पा सुबह से ही शहर के पंडालों में जुटने लगी भक्तों की भीड़, घरों व पंडालों में विधि-विधान से हुई मूर्ति स्थापना

 

लखनऊ। सुखकर्ता दु:खहर्ता वार्ता विघ्नाची, नुरवी पुरवी प्रेम कृपा जयाची गणपति बप्पा की आरती के साथ मंगलवार को शहर के विभिन्न स्थानों में बने पंडालों में गजानन की मूर्ति की स्थापना की गई। गणपति बप्पा मोरया, जय गणेश जय गणेश के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज उठा, इसी के साथ दस दिवसीय गणेश उत्सव का आगाज हो गया। राजधानी में बने पंडालों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। हर कोई गणपति बप्पा की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखाई दे रहा था। भक्तों ने गजानन की मूर्ति स्थापना में शामिल होकर विधि विधान से पूजा अर्चना की और बप्पा के जयकारे लगाये। इस दौरान पूरा पंडाल भगवान गणेश की भक्ति में लीन नजर आया।

विधि-विधान से हुई मनौतियों के राजा की मूर्ति स्थापना

मूर्ति स्थापना के साथ गणेश महोत्सव शुरू, आज चढेगा बप्पा को गजरा

 

लखनऊ। श्री गणेश प्राकट्य कमेटी की ओर से 18वां श्री गणेश महोत्सव मंगलवार को झूलेलाल वाटिका पर शुरू हुआ। कार्यक्रम की शुआत प्रात: 9 बजे विधिविधान से मनौतियों के राजा की मूर्ति स्थापना, श्रंगार एवं पूजन के साथ हुई। आचार्याे ने मंत्रों के साथ मूर्ति स्थापना कराई। पूजा संस्था के अखिलेश बंसल ने परिवार के साथ की। मूर्ति स्थापना में कमेटी के संरक्षक भारत भूषण गुप्ता, अध्यक्ष घनश्याम दास अग्रवाल, महामंत्री सतीश अग्रवाल, पार्षद रंजीत सिंह, देशराज अग्रवाल, जयकरण सिंह, संजय सिंह गांधी, शरद अग्रवाल, योगेश अग्रवाल, अखिलेश बंसल, अजय अग्रवाल, अतुल बंसल, नीलेश अग्रवाल टाटा, रामशंकर वर्मा, नरेश अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, विनोद अग्रवाल मौजूद रहे। मूर्ति स्थापना के समय पंडाल गणपति बप्पा मोरिया के जयघोष से गूंज रहा था।

शाम को बप्पा के दरबार में भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक संजय शर्मा ने भजनों की गंगा बहाई। उन्होंने गणेश जी की स्तुति जय गणपति वन्दन गणनायक से करने के बाद घर में पधारो गजानन मेरे घर में पधारो सुनाया तो लोग मंत्रमुग्ध हो गए। उसके बाद उन्होंने एक भगवान श्रीराम पर भजन तेरे तन में राम मन में राम सुनाया। कमेटी के संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि गणेश उत्सव के दूसरे दिन कल 20 सितम्बर दिन बुधवार को बप्पा को गजरा चढ़ाया जायेगा। उन्होंने बताया कि कमेटी के लोग बप्पा को गजरा चढ़ायेंगे। गजानन के नाम चिट्ठी प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से सायं 6:00 बजे तक श्रद्धालु लिख सकते हैं।

गजानन के दरबार में हनुमान जी का गुणगान

अलीगंज के राजा का सुंदरकांड के साथ शुरू हुआ उत्सव

अर्पणा यादव दर्शन करने पहुंची

लखनऊ। गणेश पूजा कल्याण समिति की ओर से अलीगंज के राजा के पंडाल में हनुमान जी का गुणगान हुआ। इससे पहले सुबह गणेश भगवान की मूर्ति स्थापना सम्पन्न हुई। पूजन में संरक्षक राजकुमार सिंघलए महामंत्री डा. संदीप अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल आदि लोग मौजूद रहे। आज प्रथम दिन भाजपा नेता अर्पणा यादव और विधायक डा नीरज बोरा बप्पा के दरबार दर्शन करने पहुंचे। इस बार गणेश उत्सव नये स्थान पर अखंड भारत थीम पर चन्द्रशेखर पार्क चांदगंज गार्डेन अलीगंज में 21 सितम्बर तक होगा। आज शाम को संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ के बाद हनुमान जी का झांकी प्रस्तुत की गई जिसे देखकर लोग भावविभोर हो गये। पंडाल पवनसुत के जयकारों से गूंज उठा। मीडिया प्रभारी मनीष गुप्ता ने बताया कि 20 को भजन गायक विष्णु तिवारी फूलों की होली एवं डांडिया का कार्यक्रम शाम 7 बजे होगा। उन्होंने बताया कि 21 सितम्बर को दोपहर 2 बजे विसर्जन शोभा यात्रा शुरू होगी।

पल्टन छावनी में विराजे बप्पा

लखनऊ। श्रीगणेश चतुर्थी के मौके पर विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी पल्टन छावनी सेक्टर ए सीतापुर रोड योजना में सात दिवसीय श्रीगणेश उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंगलवार सुबह मंत्रोच्चार, पूजन व गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच प्रथम पूज्य की प्रतिमा स्थापित की गई। प्रतिदिन प्रात: 8 बजे व सांय 8 बजे आरती व भजन कीर्तन होगा। वहीं 23 सितंबर को भव्य झांकी, 24 सितंबर को भंडारा और 25 सितंबर को विसर्जन होगा। इस मौके पर अजय कुशवाहा, मनीष पाल, संगीता, राजकुमार, कोमल पाल, आरती, मिंटू, शम्भू शरण वर्मा सहित काफी संख्या में भक्त मौजूद थे।

बप्पा का हुआ फूलों से शृंगार

शुभ संस्कार समिति द्वारा बड़ा शिवाला चौपटिया में आयोजित 24वें श्री गणेश जन्मोत्सव में आज 9 यजमानों ने गणेश जी का विधि विधान से दूध, दही, घी शहद, शक्कर से अभिषेक किया। आचार्य गिरजा शंकर दीक्षित ने एक दंत स्त्रोत का पाठ किया। मेटल की बड़ी मूर्ति का फूलों से शृंगार किया गया। समिति के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पांडे ने पूजन में उपस्थित सभी महिलाओं को माता संकटा जी की साड़ी प्रसाद में वितरित की।
महामंत्री रिद्धि गौड़ ने बताया कि रोज शाम को आचार्य पंडित गिरजा शंकर दीक्षित के सानिध्य में भगवान गणपति की नवनिर्मित मूर्तियों का इलायची, मखाने, लड्डू लौंग, पंचामृत आदि से अभिषेक होगा। उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि रोज 10 यजमान पूजा करेंगे।

मवैया में विशेष शृंगार कर पूजन:

प्रथम पूज्य और रिद्धी सिद्धी के दाता भगवान गणेश का धूमधाम से पूजन किया गया। गणपति पूजा समिति की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के संग गणपति प्रतिमा की स्थापना हुई। लोगों ने मंदिरों में पार्वती नंदन को लड्डू, मोदक का भोग लगाकर जयकारे लगाए। साथ ही पांच दिवसीय गणेश महोत्सव की शुरूआत हो गई। लोगों ने प्रथम पूज्य का गेंदे, मोगरे, गुलाब से विशेष शृंगार किया। हरी दूब, बूंदी और बेसन के मोदक, श्रीफल, अगरबत्ती, मीठा पान और अन्य सामग्री अर्पित कर पूजन किया। श्रृद्धालुओं की भीड़ जुटी। इसके बाद पुरोहितों ने गणपति अथर्वशीष से गणेश पूजन किया, महाआरती भी हुई। देर शाम आर्ट प्रतियोगिता में बच्चों ने हिस्सा लिया। संस्था के सेवादार शिवा यादव ने बताया कि रविवार को अव्वल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

51 किलो लड्डू का भोग लगा:

बीरबल साहनी मार्ग स्थित श्री संकट हरण पंचमुखी हनुमान मंदिर में गणेश उत्सव मनाते हुए 51 किलो के मोदक का भोग लगाया गया। डालीगंज के राजीव गांधी नगर में गणेश प्रतिमा स्थापित कर पवन तलवार ने बताया कि पूजन के बाद भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने विघ्नहर्ता श्री गणेश जी के दिव्य दर्शन किए।

यहां भी विधि विधान से हुई गणपति की स्थापना:

श्री श्री सिद्धि विनायक सेवा समिति की ओर से गणेश महोत्सव पंडाल, पीली कोठी मौसमबाग में श्री श्री पीली कोठी के राजा की मूर्ति स्थापना मंत्रोच्चार के साथ की गयी। यहां पीली कोठी के राजा सात दिनों तक भक्तों को दर्शन देंगे। समिति के पुजारी ने बताया कि इन सात दिनों में सिंदूर, अभिषेक नृत्य संध्या होगी और ओडसी नृत्य डांडिया, राधा कृष्ण होली, माता की चौकी और सुंदर झांकिया सजायी जाएगीं। राजधानी के चारबाग आलमबाग चौक गोमतीनगर और इंदिरा नगर एवं महानगर में भी गणपति बप्पा विधि विधान से विराजे, और उनकी पूजा अर्चना की गयी। बहुत से भक्त गणपति को अपने घरों में ले जाकर विघ्नहर्ता को स्थापित किया और पूजा अर्चना की।

ऐशबाग में विराजे प्रथम पूज्य गणेश, हुआ विशेष शृंगार

लखनऊ। ऐशबाग जल संस्थान कालोनी की ओर से गणेश चतुर्थी के अवसर पर पांच दिवसीय विशाल गणेशोत्सव एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम संध्या का आयोजन ऐशबाग स्थित जल संस्थान शिव मंदिर में किया गया। इस अवसर पर गणपति राखो मेरी लाज पूरन कीजौ मेरे काज, गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के बीच जल संस्थान शिव मंदिर परिसर में मंदिर के पुजारी ललित मिश्रा ने प्रथम पूज्य विघ्नहर्ता गणेशजी, शंकर पार्वती, संकट मोचन हनुमान एवं समस्त देवी देवताओं की वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि विधान से पूजा अर्चना करके समिति के वरिष्ठ सदस्यों ने पंडाल में पांच दिनों के लिए गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। कार्यक्रम संयोजिका अनामिका मिश्रा ने बताया कि इस बार पर्यावरण का विशेष ध्यान रखते हुए स्थानीय मूर्तिकार के द्वारा लाल मिट्टी एवं प्राकृतिक रंगों से रंगी हुई मूर्ति बनवाई गई है जोकि पूर्णतया ईको फ्रेंडली है। सुबह प्रतिमा स्थापना के साथ ही भक्तों ने गणेश पूजन कर रिद्धि.सिद्धि से अपने और सभी के लिए सुख समृद्धि की मंगलकामना मंगलमूर्ति से की गई। इस मौके अनामिका मिश्रा एवं कॉलोनी के बच्चों ने रंग-बिरंगे फूलों, रंगीन कागजों की झालरों, बेलपत्र से मंगलमूर्ति का अलौकिक श्रृंगार कर विघ्नहर्ता गौरी पुत्र गणेश का भव्य दरबार सजाया गया था। सायंकाल गणेशजी को अतिप्रिय मोदक, पंच मेवों एवं फलों का भोग लगाया। सभी भक्तजनों को भगवान का भोग लगा हुआ प्रसाद संध्या आरती के पश्चात वितरित किया गया।

श्रीमनकामेश्वर मंदिर में विराजित किए गए गणपति

डालीगंज स्थित श्रीमनकामेश्वर मंदिर में भी श्रीगणेश देव प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की गई। मंदिर की श्रीमहंत देव्यागिरी महाराज ने पूर्ण विधि.विधान से पूजा की। रोली, अक्षत, पुष्प, धूप-दीप व मोदक अर्पण कर उन्होंने पूजा की। इस अवसर पर मंदिर की मुख्य कार्यकर्ता उपमा पाण्डेय सहित अन्य भक्त महिलाआें ने खुशी में नृत्य और भजन गाये। आरती के बाद पूजा पूर्ण हुई। भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। श्रीमहंत ने इस अवसर पर श्रीगणेश देव प्रथम पूजित देव है। इनकी पूजा से मनुष्य से सभी संकट दूर हो जाते है। बिना इनकी पूजा किए कोई भी पूजा पूरी नहीं होती है।

 

RELATED ARTICLES

संतान की दीर्घाय के लिए माताएं आज रखेंगी अहोई अष्टमी व्रत

कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को अहोई अष्टमी व्रत रखा जाता हैलखनऊ। हिंदू धर्म में अहोई अष्टमी व्रत संतान की खुशहाली...

दीपोत्सव की छह दिन रहेगी धूम, रोशनी का पर्व दिवाली 31 को

लखनऊ। दीपोत्सव का पर्व इस बार छह दिनों तक चलेगा। त्योहारों की यह शृंखला कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष त्रयोदशी यानी धनतेरस से शुरू...

वक्रतुण्ड संकष्टी चतुर्थी आज, भक्त करेंगे बप्पा की पूजा

साल में 12 विनायक चतुर्थी और 12 संकष्टी चतुर्थियां होती हैंलखनऊ। इस साल आश्विन महीने की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि के दिन संकष्टी...

Latest Articles