नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। शुक्रवार सुबह दिल्ली के कम से कम तीन प्रतिष्ठित स्कूलों को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिसमें परिसर को बम से उड़ाने का दावा किया गया था। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अधिकारियों के अनुसार, मध्य दिल्ली के झंडेवालान स्थित ‘बीटी तमिल स्कूल’ ने सुबह करीब 9:12 बजे सबसे पहले इस धमकी के बारे में सूचना दी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुँच गईं और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई। प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए तुरंत तलाशी अभियान छेड़ दिया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद संबंधित स्कूल प्रबंधनों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया। स्कूलों द्वारा अभिभावकों को भेजे गए आपातकालीन संदेशों में कहा गया कि सुरक्षा संबंधी खतरे को देखते हुए पुलिस बल स्कूल में मौजूद है और सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। स्कूलों ने स्पष्ट किया कि जब तक सुरक्षा एजेंसियां परिसर को पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं कर देतीं, तब तक कक्षाएं स्थगित रहेंगी। इस घटना के बाद अभिभावकों में भारी चिंता देखी गई और वे अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल गेट पर पहुँचने लगे। फिलहाल पुलिस ईमेल के आईपी एड्रेस की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई गंभीर साजिश।





