back to top

फूलों से सजे हनुमान दरबार में खूब लगे जयकारे, भक्तों ने बांटा प्रसाद

ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगल पर हनुमान मंदिरों में उमड़ा आस्था का जन सैलाब, भीषण गर्मी में भी नहीं डिगी आस्था
लखनऊ। ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगल पर रोशनी से जगमगाते मंदिर व फूलों से सजे हनुमान दरबार में भक्ति रस की खूब बयार बही। शहर के प्रमुख मंदिरों में अलीगंज, हनुमान सेतु, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, पंचमुखी, छुआरे वाला हनुमान मंदिर, समेत शहर के सभी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ा। जय हनुमान के जयकारे शहर की फिजाओं में गूंजे। अलीगंज समेत कई प्रमुख मंदिरों में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग से कतारें लगी। मंदिरों में कई श्रद्धालु दंडवती मुद्रा में परिक्रमा करते हुए पहुंचे।
ज्येष्ठ माह के छठे बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ के सभी हनुमान मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ आया। हर कोई पवनसुत के दर्शन के लिए आतुर दिखायी दिया। भीषण गर्मी के दौरान आस्था की परीक्षा रही। पूरे साल बड़ा मंगल का इंतजार करने वाले श्रद्धालुओं की आस्था में कमी नजर नहीं आई। मंगलवार की भोर में मंदिरों के कपाट खुलते ही दर्शन-पूजन की आस लिए भक्तों की कतारें सोमवार देर रात से ही लगनी शुरू हो गईं तो शहर के मुख्य बाजारों, गली-चौराहों पर दिनभर भंडारे चले। अलीगंज के नए हनुमान मंदिर में बड़े मंगल के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। बड़ा मंगल की शुरूआत इसी हनुमान मंदिर से मानी जाती है और इस दिन मंदिर का स्थापना दिवस भी मनाया जाता है। साथ ही पुराने हनुमान मंदिर, छांछी कुंआ हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु मंदिर, त्रिलोचन हनुमान मंदिर चारबाग, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर हजरतगंज, पंचमुखी हनुमान मंदिर बीरबल साहनी मार्ग, कल्याण गिरि हनुमान मंदिर, छुआरे वाले हनुमान मंदिर, महानगर हनुमान मंदिर, रकाबगंज हनुमान मंदिर, इंदिरानगर सी ब्लॉक हनुमान मंदिर, हाथी वाले बाबा हनुमान मंदिर सहित अन्य हनुमान मंदिरों में बड़ा मंगल पर विशेष व्यवस्था रही। बड़ा मंगल पर सड़कों और चौराहों पर दिनभर भंडारे चले। भंडारों का आयोजन करने वाली संस्थाएं और लोग सोमवार सायंकाल से ही इसकी तैयारी करते नजर आए। भंडारों के स्थान पर छाया की व्यवस्था की गई थी फिर भी भीड़ और गर्मी के चलते लोग परेशान नजर आए। भंडारों में प्रसाद स्वरूप विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का वितरण किया गया। पूड़ी-सब्जी के साथ ही लौकी का कोफ्ता, छोला चावल, कढ़ी, बूंदी-बताशे, शरबत, दूध का वितरण किया गया।

सुख समृद्धि की कामना की
ज्येष्ठ माह का छठा बड़ा मंगल श्रद्धा और सत्कार के साथ मनाया जा रहा है। शहर भर के मंदिरों में पूरे विधि विधान के साथ बजरंगबली का पूजन और आरती उतारी गई। इसके पूर्व रात 12 बजे से ही भक्त बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर मारुतिनंदन के दर्शन के लिए कतार में लग गए। अलीगंज हनुमान मंदिर, हनुमान सेतु आदि बजरंगबली के मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। हनुमान जी को मीठी पूड़ी और बूंदी का भोग लगाया। भक्तों ने हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और बजरंगबाण का पाठ कर सुख समृद्धि की कामना की।

हनुमान सेतु : बजरंगबली की आरती:
लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग स्थित हनुमान सेतु मंदिर में सुबह बजरंगबली की भव्य आरती हुई। जय श्री राम और पवनसुत हनुमान के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। वहीं अलीगंज स्थित पुराना और नया हनुमान मंदिर में बजरंगबली का भव्य शृंगार हुआ। हनुमान जी को सूजी का हलवा, पूड़ी और कद्दू की सब्जी, लड्डू और गुलाबजामुन का भोग लगाया गया। साथ ही बीरबल साहनी मार्ग स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में बजरंगबली को मेवे का भोग लगाकर आरती उतारी गई। वहीं मेडिकईल कॉलेज स्थित छाछी कुआं मंदिरए अमीनाबाद हनुमान मंदिर, हजरतगंज स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिरए चौक स्थित कोतवालेश्वर मंदिर में भी बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंच कर बजरंगबली के दर्शन किए।

कई कुंतल फूलों से श्रृंगार
विश्वविद्यालय वाला मार्ग दर्शन के लिए बंद था, जिससे मुख्यमार्ग बाधित नहीं हुआ व आवागमन भी नहीं रोका गया। हनुमान मंदिर सेवा समिति के सचिव दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार रात 12 बजे से ही भक्तों ने मंदिर आना शुरू कर दिया था। सुबह गुरुकुल आचार्यों और छात्रों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रों के साथ आराधना की शुरूआत हुई, जिसके बाद महाआरती हुई। इसमें भक्तों ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर केसरी नंदन का कई कुंतल फूलों से श्रृंगार किया गया। एक भक्त ने मंदिर के लिए भव्य मखाने की माला का दान किया।

खूब बांटा गया प्रसाद:
बड़े बड़े पंडालों में भक्ति गीत बजते हुए हनुमान जी के पहले बड़े मंगल पर प्रसाद बांटा गया। बड़े मंगल के दिन शहर भर में जगह जगह पर भंडारे का आयोजन हुआ। गलियों से लेकर चौराहों तक भंडारों में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। शहर के ज्यादातर हिस्सों में भंडारे व प्याऊ लगाये गये। कई व्यंजनों को प्रसाद के रूप में बांटा गया जिसमें पूड़ी सब्जी सबसे प्रमुख रही। राजधानी में लाखों लोगों ने प्रसाद का ग्रहण किया। हजरतगंज, गोमती नगर, अलीगंज, पुराना लखनऊ, चारबाग हुसैनगंज व शहर के प्रमुख इलाकों समेत हर जगह पर भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया।

साफ-सफाई का रखा ध्यान:
भंडारे में साफ सफाई का भी ध्यान रखा गया। कई जगहों पर पत्तों व दोने के फेंकने के लिए डेस्टबिन लगाये गये तो वहीं शाम को भंडारे की समाप्ति के बाद लोगों ने फैले हुए दोने को समेट कर स्वच्छता को बरकरार रखा।

लगातार भक्तों ने किए दर्शन:
अलीगंज हनुमान मंदिर में बजरंगबली का भव्य शृंगार हुआ। दिन भर में 11 बार चोला बदला गया। सोमवार रात में 12 बजे मंदिर का खुला कपाट मंगलवार रात 12 बजे बंद हुआ। 36 घण्टे लगातार भक्तों ने दर्शन किए। मंदिर के कार्यालय अधीक्षक राकेश दीक्षित ने बताया कि बजरंगबली को 2.5 कुंतल लड्डू, एक हजार कालाजाम, सब्जी- पूड़ी और हलवा का भोग लगाया गया। मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रभु के दरबार पहुंचकर हाजिरी लगाई। मंदिर कमेटी की ओर से आयोजित भंडारे में तीन तरह की सब्जी- पूड़ी, रायता और बूंदी का प्रसाद वितरित किया गया।

कोनेश्वर महादेव मंदिर:
चौक स्थित कोनेश्वर महादेव मंदिर में सुबह और शाम बजरंगबली की आरती हुई। सुबह पांच बजे से ही भक्त बजरगंबली के दर्शन के लिए पहुंचने लगे। बजरंगबली को 101 किलो बूंदी का भोग लगाया गया। कोनेश्वर महादेव प्रबंधक कमेटी के मंत्री अनिल कपूर ने बताया कि मंदिर कमेटी की ओर से मंदिर के बाहर भण्डारे का आयोजन हुआ। सुबह से लेकर शाम तक सब्जी पूड़ी का प्रसाद बांटा गया। शाम को भजन मण्डली की ओर से सुन्दरकाण्ड का पाठ हुआ।

दक्षिणेश्वर मंदिर में भी दर्शन को उमड़े भक्त:
हजरतगंज में बने दक्षिणोश्वर हनुमान मंदिर में रात से भक्तों के जयकारे गूंजने लगे। बिजली की रंगबिरंगी झालरों से जगमगा रहे मंदिर की छटा देखते ही बन रही थी। भक्तों ने केसरीनंदन को प्रसाद चढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया।

राजधानी में कई जगहों पर लगा बड़े मंगल का भंडारा:
अलीगंज के पुराने हनुमान मंदिर समेत अन्य मंदिरों में बजरंगबली का विशेष श्रृंगार व भंडारा आयोजित किया गया। पातालपुरी हनुमान मंदिर में 56 भोग लगा। पूड़ी, सब्जी और शरबत का भंडारा सुबह 11:30 बजे से शुरू हुआ। पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूड़ी सब्जी का भंडारा लगा। महानगर गोल चौराहा के पास पूड़ी, सब्जी, बूंदी और रायता बांटा गया। अमीनाबाद बाजार में गड़बड़झाला एसोसिएशन अध्यक्ष प्रियंक गुप्ता की ओर से आइसक्रीम वितरित की गयी। बाबूगंज स्थित भुईयन देवी मंदिर पर भक्तों में गोलगप्पे वितरित किए गये। चौक स्थित गोल दरवाजे पर चौक सराफा एसोसिएशन के संगठन मंत्री अतुल गुप्ता ने बताया कि इस बार छोला चावल, कढ़ी चावल व बूंदी प्रसाद का वितरण किया जायेगा। अलीगंज स्थित साहू एजेंसी के सामने डा. संदीप अग्रवाल द्वारा सब्जीपूड़ी का वितरण किया गया। लेटे हनुमान मंदिर के निकट पक्का पुल पर भंडारा सुबह 10 बजे से पूड़ी-सब्जी, बूंदी, शरबत और शाम को 56 भोग का प्रसाद वितरण किया गया।

इंदिरा नगर में भंडारा
लखनऊ। इंदिरा नगर आवासीय महासमिति के महासचिव सुशील कुमार बच्चा ने हुए छठे बड़े मंगल की बधाई देते हुए बताया है कि, इंदिरा नगर में छठे बड़े मंगल दिवस पर मुंशी पुलिया, डी- ब्लॉक, बी- ब्लॉक, सेक्टर- 8 चौराहा, भूतनाथ, ए- ब्लॉक, में खूब भंडारे के आयोजन हुए। भक्त जनों ने बजरंगबली के नारे लगाए और कढ़ी- चावल, बूंदी, पूडी-सब्जी और आइसक्रीम खाई। आवासीय जन कल्याण समिति पटेल नगर योजना में भी भंडारे का आयोजन किया, जो दिन भर चलता रहा। झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले सभी पुरुष महिलाओं और बच्चों ने पूडी- सब्जी व बूंदी खाई वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव के आवास पर भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जो दिन भर चलता रहा। इस क्षेत्र के दर्जनों सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। सुशील कुमार बच्चा ने सभी भंडारे लगाने वाले आयोजकों से भंडारे के बाद सफाई करने का विशेष अनुरोध किया। इस अवसर पर देवी शरण त्रिपाठी, उमाकांत सिंह, सुनील त्यागी, कैलाश जैन, सुभाष शर्मा, आर. के. उमराव, शेखर श्रीवास्तव, समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद, सुनीता श्रीवास्तव, नवीन सिंह, अच्छे लाल वर्मा मौजूद रहे।

सुंदरकांड पाठ के पश्चात शुरू हुआ विशाल भंडारा
बच्चों में बाटा चाउमीन और पिज्जा
लखनऊ। राजधानी के राजाजीपुरम ए ब्लॉक श्रद्धा पार्क में नवयुवक संघ की ओर से विशाल भंडारा आयोजित किया गया। सबसे पहले संगीतमय सुंदरकांड का पाठ हुआ इसके पश्चात पुड़ी सब्जी, बूंदी और ठंडा पानी भक्तों में वितरित किया गया। इसमें खास यह रही कि बच्चों के लिए चाउमीन, मैक्रोनी और पिज्जा का विशेष प्रबंध किया गया था। नवयुवक संघ के कार्यकर्ता नितिन सक्सेना ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन नवयुवक संघ के द्वारा आयोजित है। इसके सभी साथियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहता है। इस आयोजन में अखिलेश पांडे, रमन वर्मा, विपिन आनंद, अभय अस्थाना, आकाश मिश्रा, हर्ष, पीयूष आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

डॉ नीरज सिंह, अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने विभिन्न भंडारों में की सहभागिता

लखनऊ। छठवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नीरज सिंह एवं भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित भंडारों में पहुंचकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया तथा आयोजकों का उत्साहवर्धन किया। भाजपा लखनऊ महानगर के मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि सबसे पहले पूरब विधानसभा क्षेत्र में विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव के निवास पर आयोजित भंडारे में सहभागिता की। इसके पश्चात इंदिरा नगर स्थित श्री बालाजी शक्तिपीठ, भूतनाथ में दिलीप श्रीवास्तव द्वारा आयोजित भंडारे में पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विंध्यवासिनी गेस्ट हाउस, सर्वोदय नगर, नया कुकरैल पुल, लखनऊ में मोहनलालगंज ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला द्वारा आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया और श्रद्धालुओं की सेवा में सहयोग किया। इसी क्रम में हजरतगंज स्थित यूपी प्रेस क्लब में आयोजित भंडारे तथा होटल एस.एन., खेड़ा पुलिस चौकी के निकट सुरेश चंद्र तिवारी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी सहभागिता की। वहीं कैंट विधानसभा क्षेत्र के रामनगर, आलमबाग में सिद्धार्थ गुप्ता द्वारा आयोजित भंडारे में उपस्थित होकर श्रद्धालुओं को बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं।

कैथेड्रल स्कूल पर भंडारे का आयोजन
लखनऊ। कैथेड्रल स्कूल एलुमिनाई एसोसिएशन द्वारा आज कैथेड्रल स्कूल हजरतगंज मुख्य द्वार पर स्कूल प्रधानाचार्य फादर पॉल कोररया के सहयोग से भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। उक्त अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्य फादर रोनाल्ड डिसूजा के साथ साथ एसोसिएशन के अध्यक्ष मो0 शारिक, सचिव गर्वित हलवासिया, ट्रेजरार आलोक श्रीवास्तव सहित संगठन के पदाधिकारी नूपुर सिंह, पुनीत जैसवाल, विशाल सलूजा, सरदार पवनदीप सिंह, देवांश मिश्रा, देवांशु मिश्रा, तुषार गौर, सोमनाथ, अनुभव आलोक आदि उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को पूड़ी सब्जी, कढ़ी चावल आदि प्रसाद के रूप में वितरित किया गया।

इमेजिन रिसोर्ट में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
फोटो – रोहित
लखनऊ। बड़े मंगल के पावन अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष (व्यापार प्रकोष्ठ) रोहित अग्रवाल द्वारा आईएम रोड स्थित इमेजिन रिसोर्ट में भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर रोहित अग्रवाल ने कहा कि बड़ा मंगल केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लखनऊ की साझा संस्कृति, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का जीवंत उत्सव है। सदियों से यह परंपरा लोगों को जाति, वर्ग और पंथ से ऊपर उठकर मानव सेवा के लिए प्रेरित करती रही है। उन्होंने कहा कि बड़े मंगल का संदेश है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, सहयोग और सेवा की भावना पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान इमेजिन रिसोर्ट के निदेशक भारत शेट्टी ने बताया कि यह भंडारा पिछले 36 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा और जनकल्याण की यह परंपरा आने वाली पीढ़ियों को भी समाज के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराती रहेगी। भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और सद्भाव का वातावरण देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने इस आयोजन को लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। जहां सेवा ही साधना बन जाए और जनकल्याण ही धर्म, वहीं बड़े मंगल की परंपरा अपनी वास्तविक सार्थकता प्राप्त करती है।

RELATED ARTICLES

भारतीय संस्कृति में वाइफ नहीं, धर्मपत्नी होती है : रामभद्राचार्य

श्रीराम कथा का अष्टम दिवस, नारी सम्मान को बताया सनातन का मूल मंत्र माता का स्थान पिता से दस गुना बड़ा : रामभद्राचार्यलखनऊ। पद्मविभूषण तुलसीपीठाधीश्वर...

प्रदोष व्रत 12 को, होगी शिवजी की पूजा

प्रदोष व्रत को करने पर शनि संबंधी दोष दूर होंगेलखनऊ। सनातन परंपरा में भगवान शिव को कल्याण का देवता माना जाता है जो सबसे...

ज्येष्ठ माह के शनिवार को बजरंगबली का हुआ विशेष शृंगार, लगा भंडारा

लखनऊ। शनिवार का दिन भी भगवान बजरंगबली के नाम होता है इस दिन भी पवनसुत हनुमान की विधि विधान से पूजा अर्चना की जाती...

रामभक्ति ही राष्ट्रशक्ति का आधार : रामभद्राचार्य

जगद्गुरु रामभद्राचार्य की श्रीराम कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्रीलखनऊ। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा के...

छठा बड़ा मंगल आज, पवनसुत के जयकारों से गूजेंगे शहर के मंदिर

लखनऊ। आज जेठ माह का छठा बड़ा मंगल है। राजधानी लखनऊ के नया हनुमान मन्दिर अलीगंज पुराना हनुमान मन्दिर अलीगंज, हनुमान सेतु, सुभाष मार्ग...

भोजपुरी गाना ‘हैलो कौन’ ने रचा इतिहास

पॉपुलर गाना 'हैलो कौन' यूट्यूब पर 100 करोड़ (1 बिलियन) व्यूज के मील के पत्थर को पार कर चुका हैलखनऊ। भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में...

कथक की बारीकियों से रूबरू होंगे बच्चे

मनकामेश्वर वार्ड में 10 दिवसीय कथक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभलखनऊ। मनकामेश्वर वार्ड में प्रेरणाकृति फाउंडेशन द्वारा बच्चों के लिए आयोजित 10 दिवसीय कथक प्रशिक्षण...

राष्ट्रीय कला-शिविर में अभिव्यक्त होंगे अयोध्या के विविध रंग

लखनऊ। भारतीय कला-जगत में ऐसे अवसर विरले ही आते हैं जब देश के विभिन्न सांस्कृतिक भूभागों से आए कलाकार एक ही मंच पर एकत्र...

भारतीय संस्कृति में वाइफ नहीं, धर्मपत्नी होती है : रामभद्राचार्य

श्रीराम कथा का अष्टम दिवस, नारी सम्मान को बताया सनातन का मूल मंत्र माता का स्थान पिता से दस गुना बड़ा : रामभद्राचार्यलखनऊ। पद्मविभूषण तुलसीपीठाधीश्वर...