आशियाना क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया
लखनऊ। भगवान श्री सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी महोत्सव के उपलक्ष्य में प्रशांति निलयम, आंध्र प्रदेश से निकली ‘प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा’ का लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में शहर भर के साईं भक्तों और गणमान्य व्यक्तियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। यह यात्रा केवल भौतिक नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक संदेश लेकर निकली है, जो पूरे देश में प्रेम, सेवा और करुणा की भावना को जागृत कर रही है।
16 सितंबर को आशियाना स्थित शहनाई लॉन में रथ यात्रा का आगमन ढोल-नगाड़ों, शंख ध्वनि और पुष्प वर्षा के साथ हुआ। श्री सत्य साईं सेवा संगठन के पदाधिकारियों, भक्तों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों ने इस ऐतिहासिक क्षण को और भी यादगार बना दिया। इस अवसर पर भक्तों द्वारा अपने घरों से लाए गए 108 प्रकार के व्यंजनों का भगवान को भोग लगाया गया।
शाम को आशियाना क्षेत्र में एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त और महिलाएं कलश लेकर चल रही थीं। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भजन संध्या, बाल विकास बच्चों का कार्यक्रम और श्रीमती सुमन मिश्रा द्वारा निर्देशित मनमोहक कठपुतली शो छेपी नाडू चेस तारा शामिल थे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत डांस ड्रामा चारों युगों में अवतार लीला ने दर्शकों का मन मोह लिया। दूसरे दिन की शुरूआत सुबह 5:20 बजे ओम्कारम्, सुप्रभातम् और नगर संकीर्तन के साथ हुई। इसके बाद रथ को संगठन द्वारा गोद लिए गए गांवों चिल्लावन और रहीमाबाद ले जाया गया, जहाँ ग्रामवासियों ने बड़ी गर्मजोशी से रथ का स्वागत किया। यह यात्रा इस बात का प्रतीक है कि सेवा और आध्यात्मिकता किसी भौगोलिक सीमा तक सीमित नहीं है।
यह प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा एक सार्वभौमिक संदेश देती है कि धर्म, जाति, भाषा और राष्ट्र भिन्न हो सकते हैं, लेकिन सभी में एक ही ईश्वर का अंश है। इसका मुख्य उद्देश्य मनुष्य को उसके वास्तविक स्वरूप की पहचान कराना है, जो निस्वार्थ प्रेम और सेवा पर आधारित है। इस सफल आयोजन ने न केवल साईं भक्तों को एकजुट किया, बल्कि पूरे समुदाय को प्रेम, सेवा और भाईचारे के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। लखनऊ से यात्रा का प्रस्थान 23 सितंबर को होगा। उपरोक्त समस्त कार्यक्रम के अवसर पर सत्य साईं संगठन के अनेक पदाधिकारी, साईं भक्त एवं गणमान्य व्यक्ति, श्री अमिताभ सरन, संजय तिवारी, देवेंद्र गर्ग, सुनील गुप्ता, अजय कपूर, गोविंद मेहरोत्रा, डाक्टर राकेश गुप्ता, विनोद बाजपेई, रविन्द्र खत्री, सुनील यादव,अंकित श्रीवास्तव, श्रीमती कविता भटनागर, छाया गर्ग, डाक्टर सुधा राव, डाक्टर मृदुला श्रीवास्तव, नीरू मेहरोत्रा, वीना गुप्ता, मनीषा बाजपेई, सुजैन खत्री, गीता रानी गुप्ता मौजूद थी।