सपा और कांग्रेस के बीच तल्खी का अध्याय अब खत्म हो चुका है : सपा राज्य सभा सदस्य
संभल। समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सदस्य जावेद अली ने रविवार को कहा कि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन के घटक दलों कांग्रेस और सपा के बीच पिछले दिनों उपजी तल्खी का अध्याय अब समाप्त हो गया है और आगामी लोकसभा चुनाव में यह गठबंधन उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करेगा।
अली ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में इंडिया गठबंधन के घटक दलों सपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी से जुड़े एक सवाल पर कहा, पिछले दिनों इस गठबंधन में कुछ दुर्भाज्ञपूर्ण घटनाएं हुईं लेकिन कल शाम सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट कर दिया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से बात हुई है और अब आगे कोई विवाद नहीं होगा।
स्थानीय नेता एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी न करे
उन्होंने कहा, सपा अध्यक्ष ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं। साथ ही कांग्रेस ने भी अपनी पार्टी के स्थानीय नेताओं से कहा है कि वे एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी न करें। अब यह अध्याय खत्म हो गया है। अब तो 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी है। इंडिया गठबंधन पूरी एकजुटता के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराएगा और उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें इंडिया गठबंधन जीतेगा।
सपा और कांग्रेस के बीच का विवाद
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा इंडिया गठबंधन के तहत एक भी सीट नहीं दिये जाने से नाराज सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल में बेहद तल्ख रुख अपनाया था। उन्होंने कांग्रेस के नेताओं पर भाजपा से सांठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा था कि कांग्रेस ने जिस तरह का व्यवहार मध्य प्रदेश में सपा के साथ किया है, वैसा ही आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में सहन करना पड़ेगा।
सपा के राज्यसभा सदस्य अली ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खान, उनकी पत्नी तजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के मामले में रामपुर की एक अदालत द्वारा हाल में सात साल की सजा सुनाये जाने पर कहा कि खान के साथ लगातार नाइंसाफी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कई मामलों में खान को जानबूझकर फंसाया है, मगर एक न एक दिन उन्हें इंसाफ जरूर मिलेगा।
यह खबर पढ़े- इजराइल-हमास जंग : भारत में रह रहे फलस्तीनी छात्र अपने परिवार को लेकर चिंतित





