लाडली विवाह उत्सव’ का भावपूर्ण समापन
लखनऊ। निराला नगर स्थित अशोक सिंघल पार्क (8 नंबर चौराहा) में ‘व्यापारी सेवा संघ ट्रस्ट’ द्वारा आयोजित ‘चतुर्थ सामूहिक लाडली विवाह उत्सव’ शुक्रवार को अपनी मधुर स्मृतियों के साथ संपन्न हुआ। समारोह के उपरांत आयोजित विदाई समारोह में सभी 15 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर मौजूद अतिथियों और संस्था के पदाधिकारियों की आंखें भी खुशियों और स्नेह के आंसुओं से नम नजर आईं।
ट्रस्ट के संस्थापक व अध्यक्ष गोविंद कृष्ण अग्रवाल ‘पप्पू बोरा’ ने बताया कि संस्था का ध्येय केवल विवाह संपन्न कराना ही नहीं, बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर और संबल महसूस कराना है। उन्होंने कहा, “हमने गृहस्थी के आवश्यक सामान के साथ-साथ प्रत्येक कन्या को सोने का लॉकेट, टॉप्स और 10,000 रुपये की एफडी भेंट की है, ताकि उनके नए जीवन की आर्थिक नींव मजबूत हो सके।
वर-वधू को मिला दिग्गजों का आशीर्वाद
विदाई के समय मुख्य संरक्षक त्रिलोकी चंद्र अग्रवाल, लखनऊ बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष गोविंद नारायण शुक्ला ‘चच्चू’, मुकेश मर्चेंट, नमन सरावगी, पार्षद पृथ्वी गुप्ता, मुकेश गुप्ता, पीयूष अग्रवाल, प्रदीप जैन, दीपक जैन, मनोज गुप्ता और पारस जैन समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने जोड़ों को सुखी वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इन जोड़ों ने शुरू किया नया जीवन
मीडिया प्रभारी पारस जैन (एडवोकेट) ने जानकारी दी कि इस भव्य उत्सव में निम्नलिखित 15 जोड़े विवाह सूत्र में बंधे पलक-विशाल, शिवांगी-कृष्णा, सोनिका-रंजीत, अंशु-आकाश लाल, वंदना-अनुज कुमार। सीमा-अंकुल, मुस्कान-सत्यम, श्रेया-निर्भय, आंचल-ओम, नैंसी-आनंद कुमार। रश्मि-चंदन, रूचि-गोविंद, सोनम-सूरज, प्रीति-राहुल और अनुष्का-निखिल।





