फिल्म बिजुरिया का टीजर लांच
लखनऊ। भारत की पहली एआई-लाइव एक्शन संयुक्त महिला सुपरहीरो फिल्म बिजुरिया का टीजर लांच हजरतगंज स्थित होटल में हुआ। यह फिल्म एक साधारण लड़की दिव्या की असाधारण यात्रा की कहानी है, जो आत्मविश्वास की कमी और सामाजिक भेदभाव से जूझते हुए अपनी पहचान तलाशती है। फिल्म उन महिलाओं की हकीकत को उजागर करती है, जो रोजाना उत्पीड़न और भेदभाव का सामना करती है। कहानी में दिव्या की मुलाकात तेज नाम की एक बहादुर और वैज्ञानिक सोच रखने वाली युवती से होती है, जो उसकी जिंदगी बदल देती है। यह मुलाकात दिव्या को एक अनोखी सुपरहीरो में परिवर्तित कर देती है, जो समाज में व्याप्त कुरीतियों और अपराध के खिलाफ खड़ी होती है तथा महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश करती है। फिल्म के निर्देशक शारिब रजा है। फिल्म में मुख्य भूमिका लखनऊ की कंचन अवस्थी निभा रही हैं। थिएटर से अपने अभिनय करियर की शुरूआत करने वाली कंचन ने गन वाली दुल्हनिया, भूत वाली लव स्टोरी, चापेकर ब्रदर्स तथा टीवी सीरियल अम्मा में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाई है। कंचन ने कहा कि बिजुरिया उनके करियर की सबसे अलग और खास फिल्म है। फिल्म की शूटिंग 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। कुल 30-35 दिनों का शूटिंग शेड्यूल निर्धारित है, जिसमें अत्याधुनिक एआई तकनीक का उपयोग किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में लगभग 20 दिनों तक फिल्मांकन होगा। लखनऊ, आगरा एवं अन्य प्रतिष्ठित स्थानों पर फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्य शूट किए जाएंगे।





