लखनऊ। दिग्गज कॉमेडियन जॉनी लीवर की बेटी और कॉमेडियन जेमी लीवर, जिन्हें कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किस को प्यार करूं’ और ‘किस किस को प्यार करूं 2’ में देखा गया था, ने हाल ही में एक शानदार लाइव कॉमेडी परफॉर्मेंस दी। उन्होंने दर्शकों से मिले प्यार, फैमिली कॉमेडी के प्रति अपनी सोच, अपने पिता जॉनी लीवर से मिली सीख और अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर खुलकर बातचीत की।
सेलेब्स की मौजूदगी ने शो को बनाया खास
जेमी ने शो को मिले शानदार रिस्पॉन्स पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, आज हमारे पास बहुत अच्छी आॅडियंस थी। जया बच्चन, अशनूर कौर और आयशा खान भी शो देखने आए थे। सभी ने शो को खूब एंजॉय किया और बहुत खुश थे। जब किसी शो की शुरूआत इतनी अच्छी होती है, तो कलाकार को भी बहुत अच्छा महसूस होता है। जेमी ने आगे बताया कि शो में उनके परिवार के सदस्य और कई रिश्तेदार भी मौजूद थे , सभी ने उनके परफॉर्मेंस की तारीफ की. उनके पिता भी शो में आए थे और दर्शकों से मिले शानदार रिस्पॉन्स को देखकर बेहद खुश थे।
‘दर्शकों की हंसी और तालियां ही सबसे बड़ा रिवॉर्ड हैं’
लंबे समय तक स्टेज पर लोगों का मनोरंजन करने को लेकर जेमी ने कहा कि यह काम हर बार चुनौतीपूर्ण होता है. उन्होंने कहा, लोगों को लगातार हंसाना आसान नहीं होता. चाहे आप कितनी भी बार परफॉर्म करें, हर शो मुश्किल होता है. लेकिन जब सामने बैठे लोग खुलकर हंसते हैं और तालियां बजाते हैं, तो वही सबसे बड़ा रिवॉर्ड होता है. उसके बाद सारी थकान दूर हो जाती है। अपने पिता जॉनी लीवर के बारे में बात करते हुए जेमी इमोशनल हो गईं. उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान कोई अवॉर्ड नहीं, बल्कि अपने पिता का गर्व महसूस करना है. उन्होंने कहा, “मैं जो भी कर रही हूं, अपने पापा के लिए कर रही हूं. अगर वह मुझसे कहें कि उन्हें मुझ पर गर्व है, तो वही मेरे लिए सबसे बड़ा अवॉर्ड है. मैं बस उन्हें हमेशा प्राउड फील कराना चाहती हूं।
‘मैं क्लीन कॉमेडी करना पसंद करती हूं’
वहीं आज के दौर की कॉमेडी पर अपनी राय रखते हुए जेमी ने कहा कि वह ऐसी कॉमेडी में विश्वास करती हैं जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके. उन्होंने कहा, “मैं पर्सनली ऐसी कॉमेडी पसंद करती हूं, जिसे परिवार के सभी लोग साथ बैठकर देख सकें. इसलिए मेरी कोशिश रहती है कि मैं क्लीन कॉमेडी करूं. आज शो में बुजुर्ग भी थे, छोटे बच्चे भी थे और युवाओं ने भी खूब एंजॉय किया. ऐसे फैमिली शो अब कम देखने को मिलते हैं।
आने वाले प्रोजेक्ट
अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स पर बात करते हुए जेमी ने बताया कि इस साल उनकी एक बड़ी फिल्म रिलीज होने वाली है. इसके अलावा मुंबई, भारत के अन्य शहरों और विदेशों में भी उनके कई लाइव शो होने वाले हैं. उन्होंने कहा कि आगे भी वह दर्शकों के लिए साफ-सुथरी और पारिवारिक कॉमेडी पेश करती रहेंगी।





