लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने शुक्रवार को देवरिया सदर से भाजपा विधायक एवं वरिष्ठ नेता जन्मेजय सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि देवरिया सदर से भाजपा विधायक एवं वरिष्ठ नेता जन्मेजय सिंह की असामयिक मृत्यु पर मैं गहरा शोक व्यक्त करता हूं। समाज एवं पार्टी के विकास के लिए उनका योगदान अतुलनीय रहा। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने का सामर्थ्य दे।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देवरिया सदर से भाजपा विधायक जन्मेजय सिंह जी के आकस्मिक निधन का दुखद समाचार मिला। उनका निधन समाज व पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है। वह संवेदनशील व्यक्तित्व के रुप में आमजन में लोकप्रिय थे।
भाजपा परिवार अपने सदस्य के आकस्मिक निधन से दुखी है। दुख की इस घड़ी में भाजपा परिवार जन्मेजय सिंह के परिजनों के साथ है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे तथा परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
सिंह के निधन पर प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, डा राकेश त्रिवेदी, दयाशंकर सिंह, सुधीर हलवासिया, लक्ष्मण आचार्य, कान्ता कर्दम, संजीव बालियान, जसवंत सैनी, नबाब सिंह नागर, शिवनाथ यादव, पदमसेन चैधरी, पुरूषोत्तम खडेलवाल, अक्षवर लाल गौड़, बीएल वर्मा, रंजना उपाध्याय, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, विजय बहादुर पाठक, पंकज सिंह, विद्यासागर सोनकर, गोविन्द नारायण शुक्ला, सलिल विश्नोई, नीलिमा कटियार ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।