वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना की 120वीं जयंती पर हुई चित्रकला प्रतियोगिता
रत्ना अस्थाना के निर्देशन में हुआ देश रंगीला डांस शो
मो. फारुख चौधरी को दिया गया वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना स्मृति सम्मान 2025
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना का 120वां जयंती समारोह, गुरुवार को गोमती नगर के विशाल खंड-3, स्थित आॅलमाइटी मोंटेसरी इंटर कॉलेज, परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सम्मान समारोह और चित्रकला प्रतियोगिता के उपरांत देश रंगीला डांस शो और करें योग रहे निरोग की सतरंगी प्रस्तुतियां हुईं।
प्रथम सत्र में हुए सम्मान समारोह में विद्यालय के प्रबंधक मोहम्मद फारुख चौधरी को, वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना स्मृति सम्मान 2025 से अलंकृत किया गया। वह विगत कई दशकों से समाज उत्थान हेतु बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए महती कार्य कर रहे हैं। सम्मान समारोह में प्रबंधक मंडल के वरिष्ठ सदस्य सफिया चौधरी और सचिव मोहम्मद हमजा और विद्यालय की प्रधानाचार्या शैफाली शुक्ला को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में नीशू त्यागी के संयोजन में देशभक्ति विषय पर हुई चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। यह प्रतियोगिता दो वर्गों में सम्पन्न करवायी गई। इसमें ढाई सौ से अधिक बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इसमें कक्षा एक से पांच तक के जूनियर वर्ग में नीलिशा यादव, तनिष्का कुमारी, आयुष कुमार और छह से बारह तक के सीनियर वर्ग में आकाश, आरिफ अंसारी, आयशा खातून क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। इसमें किसी ने वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना का पोट्रेट तो किसी ने भारत के वीर सैनिकों को कागज पर उकेरा था।
शुभ्रा अस्थाना के संयोजन में दूसरा सत्र सांस्कृतिक कार्यक्रमों को समर्पित रहा। इसमें रत्ना अस्थाना के निर्देशन में देशभक्ति पर आधारित नृत्य प्रस्तुति देश रंगीला डांस शो आकर्षण का केन्द्र बना। परंपरा के अनुरूप कार्यक्रम की शुरूआत गणपति वंदना एक दंताय से की गई। इस नृत्य प्रस्तुति में अनिका सिंह, अविका सिंह, अग्रिमा चौरसिया, वीरा, एंजल और रक्षा शर्मा ने प्रभावी भाव नृत्य कर प्रशंसा हासिल की। इसके उपरांत देशभक्ति पर आधारित केन्द्रीय प्रस्तुति जय हो पर रीतिका सिंह, अनिका, अविका, अग्रिमा, वीरा, एंजल, रक्षा और आयुषी गुप्ता, अवंतिका श्रीवास्तव ने एक से बढ़कर एक नृत्य संयोजन पेश कर दर्शकों की तालियां अर्जित की। रीतिका सिंह ने एकल नृत्य प्रस्तुति देश रंगीला देकर आयोजन को परवान चढ़ाया।
तीसरे सत्र में योग गुरु सुमन पवार द्वारा नियमित योग के लिए प्रेरित किया गया। इसमें स्पेशल चाइल्ड देव ऋषि ने भी योगाभ्यास कर दूसरों को प्रेरित किया। इसमें संग संग चलो बढ़ते रहो, योग सभी करते रहो योगा एंथम पर सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन आदि प्रेरक योग आसनों का प्रदर्शन किया गया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना के पुत्र और वरिष्ठ रंगकर्मी पुनीत अस्थाना ने बताया कि सुप्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी और गांधीवादी दर्शनशास्त्री डॉ.दरबारी लाल अस्थाना ने अपना पूरा जीवन देश सेवा और समाज सेवा को अर्पित कर दिया था। डॉ.दरबारी लाल अस्थाना की माता जी का नाम राज रानी देवी और पिता का नाम मुकुंद लाल अस्थाना था जिनकी आप इकलौती संतान थे। उनका जन्म 24 जुलाई 1905 को आगरा में हुआ था। डॉ.दरबारी लाल अस्थाना का राजनीतिक क्षेत्र में प्रवेश अंग्रेजी हुकूमत के दौरान राजकीय कॉलेज आगरा के बहिष्कार के साथ शुरू हुआ था। वृन्दावन स्थित सुप्रसिद्ध प्रेम महाविद्यालय में उन्होंने ग्रामोत्थान का कार्य किया और ब्रज के अनेक गांवों का दौरा कर आम लोगों में आजादी और राष्ट्रीयता की भावना जगायी।