लखनऊ। प्रदेश में अब सभी बाजार और दुकाने अब हर हाल में 10 बजे तक बंद हो जायेंगी और नाईट कर्फ्यू सख्ती से लागू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि विभिन्न राज्यों में कोविड के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं। हमें सावधान रहना होगा। अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है। रात 10 बजे के बाद रात्रिकालीन कर्फ्यू को प्रभावी बनाया जाये। 10 बजे तक सभी दुकानें व बाजार बंद हो जायें। लोग अनावश्यक सड़कों पर न घूमें। दुकानों की सही समय से बंदी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एक घंटे पहले से ही साइरन बजा कर बाजारों में चेतावनी जारी करेगी।
मुख्यमंत्री ने टीम-9 के साथ कोविड की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि एटा और बरेली में अराजक तत्वों द्वारा पुलिस की वर्दी पहन कर अवैध वसूली करने और मारपीट करने की घटना सामने आयी आयी है। यह उत्तर प्रदेश पुलिस की साख को खराब करने की साजिश है। ऐसे लोगों पर अविलंब कठोरतम कार्रवाई की जाये। योगी ने कहा कि स्कूल व कॉलेजों में अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति संवर्ग के छात्र-छात्राओं को देय छात्रवृत्ति का भुगतान समयबद्घ ढंग से हो। यह छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। इसके भुगतान में विलंब न हो। छात्रवृत्ति वितरण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा कर मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराया जाये। मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि जिलाधिकारी निमार्णाधीन आॅक्सीजन प्लांट के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। आॅक्सीजन संयंत्रों के सुचारु संचालन के लिए कार्मिकों का प्रशिक्षण शीघ्र पूरा किया जाये। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि अब तक 357 आॅक्सीजन प्लांट क्रियाशील हो चुके हैं।





