हार्ट के लेफ्ट वेंट्रिकुलर में समस्या के संकेत
अपने दौर की मशहूर अभिनेत्री रहीं सायरा बानो पिछले चार दिनों से सांस लेने में तकलीफ और ब्लड प्रेशर व शुगर लेवल बढ़ने के चलते मुम्बई के खार स्थित हिंदूजा अस्पताल में भर्ती हैं, जहां आईसीयू में उनका इलाज चल रहा है. ताजा जानकारी हासिल हुई है कि 77 साल की सायरा बानो के हार्ट के लेफ्ट वेंट्रिकुलर में अवरोध पैदा हो गया है, जिसे अच्छी तरह से समझने और फिर उसके आधार पर आगे का इलाज करने के लिए डॉक्टरों ने उनकी एंजिओग्राफी करने का फैसला किया है.
फैजल फारूकी ने डॉ. नितिन गोखले से हुई अपनी बातचीत के आधार पर बताया, “डॉ. गोखले और उनकी टीम सायरा बानो की एंजिओग्राफी को लेकर किसी तरह की जल्दबाजी में नहीं हैं. हो सकता है कि सायरा जी को एक-दिन में अस्पताल से छुट्टी दे दी जाए और उनके बाद एक बार फिर से उन्हें भर्ती कर उनकी एंजिओग्राफी की जाए.” फैजल ने बताया कि सायरा बानो की हालत स्थिर और पहले से काफी बेहतर है और उनकी उम्र को देखते हुए डाॅक्टर्स सभी तरह के एहतियात बरत रहे हैं. फैजल फारूकी ने कहा कि सायरा बानो की तबीयत को लेकर किसी तरह की चिंता की बात नहीं है.
क्या है लेफ्ट वेंट्रिकुलर हायपरट्रोफी?
लेफ्ट वेंट्रिकुलर हायपरट्रोफी का मतलब होता है कि हृदय का मुख्य पम्प (लेफ्ट वेंट्रिकल) कहलाई धमनी अपने स्वाभाविक आकार से मोटी और बड़ी हो जाती है, जिससे शरीर के सभी मुख्य अंगों तक खून का प्रवाह प्रभावित होता है. अगर लेफ्ट वेंट्रिकल पर काम का अधिक व अतिरिक्त दबाव पड़ता है, तो इस तरह की स्थित उत्पन्न होती है.





