कीर्तन मुकाबला सायं 4:00 बजे से 6:00 बजे तक
लखनऊ। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा द्वारा खालसा सजना दिवस के उपलक्ष्य में दिनांक 12 अप्रैल 2026 से 19 अप्रैल 2026 तक विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर संगत के लिए धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ दिनांक 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को सिख धार्मिक प्रश्नोत्तरी मुकाबला से होगा, जो दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसके उपरांत कीर्तन मुकाबला सायं 4:00 बजे से 6:00 बजे तक संपन्न कराया जाएगा। इसी क्रम में दिनांक 17 अप्रैल 2026 को युवाओं में सिख परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु दस्तार बंदी मुकाबला आयोजित किया जाएगा। दिनांक 18 अप्रैल 2026 को खालसा सजना दिवस को समर्पित विशेष दीवान सायं 6:40 बजे से रात्रि 10:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। वहीं दिनांक 19 अप्रैल 2026 को प्रात: 8:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक विशेष दीवान आयोजित होगा। इसी दिन संगत एवं क्षेत्रवासियों के लिए नि:शुल्क मेडिकल कैंप भी प्रात: 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। दोनों दीवानों में गुरु का अटूट लंगर बरसेगा। दो दिवसीय दीवानों में मुख्य रूप से भाई राय सिंह जी (विख्यात कीर्तनी), सिंह साहिब ज्ञानी मान सिंह जी, ज्ञानी एवं ज्ञानी हरविंदर सिंह जी द्वारा कीर्तन एवं कथा-विचार से संगत को निहाल किया जाएगा। इस संबंध में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा के अध्यक्ष सरदार हरपाल सिंह जग्गी ने अपने वक्तव्य में कहा कि खालसा सजना दिवस सिख इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण दिवस है, जो हमें गुरु साहिबान की शिक्षाओं पर चलने, समाज सेवा करने तथा नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक परंपराओं से जोड़ने की प्रेरणा देता है। इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, सेवा और आध्यात्मिक जागरूकता को सुदृढ़ करते हैं। वहीं सभा के महामंत्री सरदार तेजपाल सिंह रोमी ने अपने वक्तव्य में कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं एवं बच्चों को सिख इतिहास, संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही नि:शुल्क मेडिकल कैंप के माध्यम से समाज सेवा की भावना को भी सशक्त किया जाएगा। उन्होंने समस्त संगत एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रमों को सफल बनाने का आग्रह किया।
गुरु हर राय डायग्नोस्टिक सेन्टर द्वारा भी स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा।





