विश्व रंगमंच दिवस पर आयोजन
लखनऊ। आज भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) लखनऊ के तत्वावधान में विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर अमरीकी नाट्य निर्देशक एवं अभिनेता विलेम डेफो के संदेश का पाठ किया गया। संदेश पाठ के बाद इप्टा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राकेश वेदा ने अपने नए नाटक 1931 का पाठ किया। इस नाटक में भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की शहादत पर 1931 में गोलमेज सम्मेलन में गांधी के असमंजस और गांधी एवं चार्ली चैपलिन तथा बर्नार्ड शॉ के साथ हुए संवाद तथा मशीन के विरोध में गांधी के तर्कों से सहमत हो कर चार्ली चैपलिन द्वारा मॉडर्न टाइम्स फिल्म के निर्माण को दृश्यों के माध्यम से दिखाया गया है। नाटक के बाद हुई परिचर्चा में वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक नागेन्द्र,कहानीकार एवं रंगकर्मी फरजाना महदी, पत्रकार एवं लेखक आदियोग, अभिनेता राजू पांडे, रिजवान अली, ट्रेड यूनियन नेता परमानंद आदि ने भाग लिया।





