- राफेल को रिसीव करने अंबाला जाएंगे एयरफोर्स चीफ आरकेएस भदौरिया
- आस-पास के इलाकों में लगायी गयी धारा 144, लोगों के इकट्ठा होने पर रोक
नई दिल्ली। भारत को बुधवार को 5 राफेल लड़ाकू विमान मिल जाएंगे। फिलहाल राफेल रास्ते में हैं। मंगलवार को फाइटर प्लेन में बाकायदा एयर टू एयर रीफ्यूलिंग भी की गई। भारतीय वायुसेना ने सहयोग के लिए फ्रांस की एयरफोर्स का शुक्रिया जताया है। लड़ाकू विमान राफेल की पहली खेप बुधवार को अंबाला एयरबेस पर पहुंचेगी। इस मौके पर वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया विमानों को रिसीव करने पहुंचेंगे। साथ ही वह पायलटों से भी मुलाकात करेंगे।
फ्रांस से आ रहे 5 राफेल विमान फिलहाल यूएई के एयरबेस पर मौजूद हैं। बुधवार सुबह भारत के लिए यूएई से विमानों की रवानगी होगी। वहीं, विमानों की लैंडिंग से पहले अंबाला एयर फोर्स स्टेशन के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एयर फोर्स के आस-पास धारा 144 लगा दी गई है। साथ ही फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है। इलाके में 4 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर मनाही है। अंबाला के डीएसपी (ट्रैफिक) मुनीष सहगल ने कहा कि राफेल विमानों की लैंडिंग के मद्देनजर प्रशासन हाई अलर्ट पर है।
अंबाला से सटे 4 गांवों में धारा 144 लागू
अंबाला से सटे 4 गांवों में धारा 144 लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि लोगों के इकट्ठा होने पर मनाही है। विमानों की लैंडिंग के दौरान फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी पर भी रोक है। पुलिस ने बताया कि अगर कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। फ्रांस के मेरिनेक एयरबेस से 5 राफेल फाइटर विमानों का पहला बैच सोमवार को भारत के लिए रवाना हुआ था। पायलटों को आराम देने के लिए विमान यूएई में रुके हैं। 7 हजार किमी की दूरी तय कर यह बैच बुधवार 29 जुलाई को भारत पहुंचेगा। इन मल्टी-रोल फाइटर जेट्स के शामिल होने से भारतीय वायुसेना की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी।
उधर, अंबाला एयरबेस को राफेल के आगमन के हिसाब से तैयार कर दिया गया है। अंबाला एयरबेस के 3 किलोमीटर के दायरे को नो ड्रोन जोन घोषित कर दिया गया है। एयरबेस के 3 किलोमीटर के दायरे में ड्रोन या अन्य किसी तरह की उड़ान पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी। एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया भारतीय वायुसेना के सबसे बेहतरीन पायलटों में से एक हैं। उन्होंने 26 प्रकार के लड़ाकू और परिवहन विमानों को उड़ाया है। इसमें राफेल भी शामिल है। वह राफेल लड़ाकू विमान खरीद टीम के चेयरमैन रहे हैं। राफेल विमान उड़ाने के बाद उन्होंने कहा था कि राफेल लड़ाकू विमान दुनिया का बेहतरीन विमान है। इसके आने से भारतीय वायु सेना की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी।





