लखनऊ। कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक बार फिर योगी सरकार और उत्तर प्रदेश पर हमला करते हुए शुक्रवार को कहा कि अपराधी का अंत हो गया, अपराध और उसको सरंक्षण देने वाले लोगों का क्या? उन्होंने कानपुर कांड की सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज से न्यायिक जांच की मांग कीं हैं।
इसके साथ ही प्रियंका ने उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए एक वीडियो मैसेज में कहा है कि कहा कि सारा देश देख रहा है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश में बदल दिया है। उनके अपने सरकारी आंकड़ों के मुताबिक बच्चों पर अपराध में नंबर एक पर है। दलितों पर अपराध में नंबर एक पर है। महिलाओं पर अपराध में नंबर एक पर है। अवैध असलहो और हथियारों के मामलों में नंबर एक पर है। हत्याओं में नंबर एक पर है। यह प्रदेश की स्थिति है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यूपी में जो कानून-व्यवस्था की जो स्थिति है वह एकदम और बेहद बिगड़ चुका है और इस स्थिति में विकास दुबे जैसे अपराधी फल रहे हैं, फूल रहे हैं। इसके बड़े बड़े व्यापार हैं। खुलेआम अपराध करते हैं। कोई रोकने वाला नहीं है। पूरा प्रदेश इस बात को जानता है कि इनका संरक्षण राजनीतिक शक्तियों द्वारा होता है। इनका राजनीतिक संरक्षण जो सत्ता में हैं उनसे होता है। सब देख रहे हैं, सब जान रहे हैं।
प्रियंका ने फेसबुक और ट्विटर पर साझा की गई वीडियो में कहा कि विकास दुबे के एनकाउंटर के पहले जो आठ पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं उनके परिजनों को हम किस तरह से भरोसा दिला सकते हैं कि उनको न्याय मिल रहा है। जो पुलिसवालों शहीद हुए थे उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की यह मांग है कि सुप्रीम कोर्ट में मौजूदा जज द्वारा एक न्यायिक जांच हो, जो पूरे कानपुर कांड की जांच करके जो हकीकत है जनता के सामने रखे।
राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि जिन्होंने विकास दुबे जैसे अपराधी की परवरिश की, उन्हें पाला पोसा उनकी असलियत सामने आनी चाहिए। जब तक असलियत सामने नहीं आएगी, जबतक अपराधियों और राजनेताओं के बीच सांठगांठ सामने नहीं आएगी, तब तक असलियत जनता के सामने नहीं आएगी, तब तक न्याय नहीं होगा। हमारी यह मांग है जांच होनी चाहिए और न्याय होना चाहिए।





