नयी दिल्ली। पावर सॉल्यूशन प्रदाता पावरिका लिमिटेड का शेया अपने निर्गम मूल्य 395 रुपये के मुकाबले सात प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ बृहस्पतिवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। एनएसई पर शेयर 366 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ जो निर्गम मूल्य से 7.34 प्रतिशत की गिरावट दर्शाता है। बीएसई पर इसने निर्गम मूल्य से 5.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 375 रुपये पर कारोबार की शुरूआत की।
एनएसई पर कंपनी का बाजार मूल्यांकन 4,684.95 करोड़ रुपये रहा। पावरिका लिमिटेड के।,100 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को गत शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन 1.45 गुना अभिदान मिला था। इसके लिए मूल्य दायरा 375-395 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। आईपीओ से प्राप्त राशि में से 525 करोड़ रुपये कंपनी के कर्ज को कम करने में लगाए जाएंगे जबकि शेष का उपयोग सामान्य कॉर्पाेरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। यह कंपनी का सार्वजनिक होने का दूसरा प्रयास है।
इससे पहले 2019 में पावरिका ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष आईपीओ लाने के लिए मसौदा दस्तावेज दाखिल किए थे लेकिन योजना को बाद में स्थगित कर दिया गया था। पावरिका एक एकीकृत पावर सॉल्यूशंस प्रदाता है जो डीजल जनरेटर सेट (डीजी सेट), मध्यम गति के बड़े जनरेटर (एमएसएलजी) और संबंधित सेवाओं में विशेषज्ञता रखती है।





