शहर में जगह-जगह भंडारे, अखंड पाठ, शोभा यात्रा के साथ धूमधाम से मनाया गया प्रभु राम का जन्मोत्सव
लखनऊ। भए प्रकट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी… की स्तुति के साथ ही मयार्दा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी पर राजधानी लखनऊ में आरती के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। मंदिरों व घरों में पूजा-अर्चना कर रामनवमी का पर्व उत्साह पूर्वक मनाया गया। शहर के सभी श्री रामजानकी मंदिर में हवन पूजन के बाद भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद चखा।
शुक्रवार को दिन के बारह बजते ही मंदिरों ही नहीं बल्कि घर-घर में भए प्रगट कृपाला दीनदयाला के स्वर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने श्रीराम की स्तुति के साथ आरती व पूजन किया। मंदिरों में रामजन्म का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान आरती करने वाले भक्तों का तांता लगा रहा। सनातन धर्म सभा के श्री रामजानकी मंदिर में शुरू हुए अखंड रामचरित मानस पाठ का गुरुवार की दोपहर समापन हुआ। हवन के बाद उत्साह और भक्तिभाव से लबरेज भक्तों ने मयार्दा पुरुषोत्तम राम का जन्म धूमधाम से मनाया। मंदिर पहुंची महिलाओं ने प्रभु की आरती में भाग लेने के साथ ही संगत के रूप में भजन भी गाए।
रामनवमी पर भगवा झंडा फहराया गया:
राम नवमी के अवसर पर भक्तों की ओर से 51 मीटर लंबा विशाल भगवा झंडा शिव मेडिकल तिराहे अलीगंज में फहराया गया। उसके बाद शाम को 4 बजे भगवा यात्रा का जोरदार स्वागत मुख्य संयोजक डॉ संदीप अग्रवाल एवं राजकुमार सिंघल की अगुवाई में सी 26 सेक्टर सी अल्कापुरी अलीगंज निकट नेहरू बाल वाटिका स्थित शिव मेडिकल तिराहे पर शाम को किया गया। यात्रा के आने पर लोगों ने पुष्प वर्षा की। शिव मेडिकल पर एक विशाल एल ईडी लाइट लगाई गई। जिसपर भगवा यात्रा और रामनवमी से सम्बंधित चित्र प्रसारित किये जा रहे थे।
श्री रामनवमी पर आयोजित विशाल भण्डारे में उमड़ी भक्तों की भीड़
लखनऊ। श्री रामनवमी के पावन अवसर पर माँ दुर्गे के विशाल भण्डारे का आयोजन आज गोमती नगर स्थित विभूति खण्ड मार्केट में पुलिस चौकी के पास सम्पन्न हुआ। माँ दुर्गा की वंदना, भगवान श्री राम के गुणगान, पूजन-हवन व आरती से भण्डारे का विधिवत् शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर अपर जिला जज श्री संदीप तिवारी ने प्रसाद वितरण कर शुरूआत की। प्रख्यात साहित्यकार व पत्रकार प. हरि ओम शर्मा हरि ने सभी आगन्तुकों को माँ की चुनरी ओढ़ाकर स्वागत किया। भण्डारे में उमड़ी भक्तजनों की भारी भीड़ ने आध्यात्मिक उल्लास का अभूतपूर्व वातावरण सृजित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के विभिन्न क्षेत्रों की मूर्धन्य हस्तियों ने पधारकर भण्डारे का प्रसाद ग्रहण किया, साथ ही भण्डारे की समुचित व्यवस्था में अपना योगदान भी दिया। अपर जिला जज संदीप तिवारी ने कहा कि इस पुनीत कार्य की जितनी भी सराहना की जाये, कम होगी। साहित्यकार पं. हरि ओम शर्मा हरि ने इस अवसर कहा कि माँ की छत्रछाया जिस इंसान को मिल गई, उसका कल्याण निश्चित है। भण्डारा के संयोजक इंजीनियर मनुज शर्मा ने भण्डारे में सहयोग व सेवा भाव हेतु सभी का आभार व्यक्त किया। भण्डारा आयोजन समिति के सदस्य राजेन्द्र चौरसिया ने बताया कि माँ दुर्गे का यह विशाल भण्डारा प्रात: 11.30 बजे प्रारम्भ हुआ, जो कि देर रात तक जारी रहा। भण्डारे में बड़ी संख्या में पधारे भक्तजनों का भारी उत्साह देखने का मिला।
हरी ओम मंदिर में हुआ प्रभु श्रीराम का बखान:
हरी ओम मन्दिर लालबाग में राम जन्मोत्सव श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ रविवार को मनाया गया। सत्संग सचिव हरीश वाधवानी ने भगवान श्री राम के जीवन से सभी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि श्रीराम ने अपने वचन के पालन के लिए 14 वर्ष का वनवास स्वीकार किया। उन्होंने मयार्दा पालन का आदर्श स्वरूप प्रस्तुत किया। इस दौरान रामचरित मानस का पाठ और आरती हुई। कलाकारों ने भगवान राम के मनमोहक प्रस्तुत कर सभी को भाव विभोर कर दिया। वहीं हनुमन्त लाल ने मां दुर्गा की महिमा का बखान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी का बीच भंडारे का प्रसाद बांटा गया।
इस्कॉन मंदिर:
शहीदपथ स्थित राधारमण बिहारी इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार को रामनवमी जन्मोत्सव पर्व बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर भगवान राम की पूजा अर्चना एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्यामदास ने भक्तों को कथा सुनाते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान श्री कृष्ण लीला पुरुषोत्तम है। ठीक उसी प्रकार भगवान श्री राम मयार्दा पुरुषोत्तम है। इस मौके पर भंडारे का भी आयोजन हुआ। जिसने भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
मंगल आरती के साथ मनी राम नवमी:
मंगल आरती और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ राम नवमी का उत्सव शुक्रवार को रामकृष्ण मठ निराला नगर में मनाया गया। मंदिर के मुख्य प्रांगण में षोड़शोपचार पूजा की गई। जिसमें भगवान की पूजा सोलह तरह की विभिन्न पूज्य साम्रगियों से की गई। उसके बाद हवन किया गया।
प्रगट भये रघुराई, अवध में बाजे बधाई…:
रामनवमी के पावन मौके पर श्रीरामलीला पार्क सेक्टर-ए सीतापुर रोड योजना कालोनी में स्थित विश्वनाथ मन्दिर परिसर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम व श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस मौके पर मंत्रोच्चार के बीच प्रभु श्रीराम का अभिषेक, पूजन व आरती हुई। कार्यक्रम में भक्तों ने प्रगट भये रघुराई, अवध में बाजे बधाई…, कभी राम बनके कभी श्याम बनके चले आना, प्रभुजी चले आना…, मेरी नैया में लक्ष्मण राम…, बधईया बाजे आंगने मा…, जन्में कौशल्या के लाल हो दशरथ के अंगनवां…, छिन-छिन उड़े रे गुलाल सारी अयोध्या में… सहित कई भजनों को गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस मौके पर कमलेश दुबे, सरोज, सुमन शुक्ला, रामकुमारी सोनी, शांती मौर्या, जेएन दूबे, शाश्वत पाठक, नीलम पाण्डेय, राजा सहित काफी संख्या में भक्तगण मौजूद थे।
धूमधाम से संपन्न हुआ श्री राम जन्मोत्सव
नवमी के अवसर पर किया गया कन्या पूजन
लखनऊ। प्राचीन लेटे हुए हनुमान जी मंदिर में आज दोपहर श्री राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के बाल रूप विग्रह को दूध, दही, घि.शहद .शक्कर से स्नान कराया गया ..ब्राह्मणों के वेद पाठ के दौरान उनका भव्य श्रृंगार किया गया …प्रभु के भोग के बाद भए प्रकट कृपाला दीन दयाला भजन के साथ पंडित अमर मिश्रा ने आरती उतारी …मंदिर ट्रस्ट के सेवादार रिद्धि किशोर गौड़.. आशीष अग्रवाल के साथ विकास अग्रवाल..हर्षित सिंह ने उपस्थित दो दर्जन कन्याओं का पूजन किया उनको उपहार स्वरूप फल ..मिष्ठान व अन्य सामान प्रदान किया गया… इस अवसर पर ट्रस्ट के मुख्य सेवादार डॉ विवेक टंगड़ी ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं प्रेषित करी।
कभी राम बनके कभी श्याम बनके…
विश्वनाथ मंदिर में धूमधाम से मनाया गया श्रीराम जन्मोत्सव
लखनऊ। रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीरामलीला पार्क सेक्टर-ए सीतापुर रोड योजना कॉलोनी में स्थित विश्वनाथ मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरूआत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीराम के अभिषेक, पूजन और आरती से हुई। पूरे वातावरण में गूंजते मंत्रों और घंटियों की ध्वनि ने भक्तों को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर भक्तों ने कभी राम बनके कभी श्याम बनके.., कौशल्या जी के आज भए हैं लल्ला…, धन्य-धन्य भाग्य हमारे, श्रीराम जी पधारे…, शबरी से मिलने राम चले… और प्रगट भये रघुराई, अवध में बाजे बधाई… जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में कमलेश दुबे, कौशल किशोर पाण्डेय, सरोज, कांति पांडेय, सुमन शुक्ला, नीलम पाण्डेय, रामकुमारी सोनी, नीरज, शाश्वत पाठक, जगत नारायण दूबे, दीपक पाण्डेय एवं शम्भू शरण वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





