ईद-उल-फित्र की नमाज अदा कर बोले ईद मुबारक

लखनऊ। माह-ए-रमजान के रोजे के एवज में अल्लाह तआला ने मुसलमानों को ईद का तोहफा दिया। अल्लाह का शुक्र अदा करने के लिए ईद-उल-फितर की नमाज सोमवार को परंपरा के अनुसार अदा की गई। शहर की सभी ईदगाहों व तमाम मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों का हुजूम उमड़ पड़ा। तय समय से पहले ईदगाह व मस्जिदें भर गईं। लोगों ने अन्य खाली जगहों पर जानमाज, चादर बिछाई। कमेटियों द्वारा भी नमाज पढ़ने के लिए खास इंतजाम किए गए थे। बच्चों से लेकर बड़ों के चेहरों पर खुशियों की चमक देखने लायक थी। ईद की नमाज के समय तक ईदगाह व मस्जिदों में नमाजियों की कतारें लग गईं। ऐशबाग ईदगाह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व अन्य नेता पहुंचे। ऐशबाग ईदगाह के साथ ही आसिफ मस्जिद , टीले वाली मस्जिद, नदवा समेत अन्य मस्जिदों में बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे।

एक दूसरे के घर खुशियों का पैगाम बांटते रहे
तय समय पर नमाज सभी ईदगाहों व मस्जिदों में अदा की गई। ईद का खुत्बा पढ़ा व सुना गया। मुल्क में भाईचारगी, एकता, अमन व अमान के साथ ही रोजा, नमाज, जकात, सदके की कुबूलियत की अल्लाह से दुआ की गई। बैतुल मुकद्दस की आजादी, फिलिस्तीन में अमन शांति व जुल्म से निजात की दुआ मांगी गई। पैगंबरे इस्लाम की बारगाह में दरूदो सलाम का नजराना पेश किया गया। इसके बाद शुरू हुई ईद मुबारक, ईद मुबारक की सदा। हर ओर यह सदा गूंजने लगी। छोटे से लेकर बड़ों ने एक दूसरे को मुबारकबाद देनी शुरू की। गले मिले, हाथ मिलाया कहा ईद मुबारक। इसी के साथ ईदी भी बंटनी शुरू हुई। किसी को ईदी में पैसे मिले तो किसी को तोहफे। लोग एक दूसरे के घर आते रहे जाते रहे खुशियों का पैगाम बांटते रहे।

ईद प्यार और मोहब्बत का पैगाम देती है: मौलाना खालिद रशीद

पूरे देश में ईद का त्यौहार बड़े हर्ष व उल्लास और अमन व शान्ति के साथ मनाया गया। लखनऊ में की नमाज प्रदेश की सबसे बड़ी ईदगाह एैशबाग में हुई, जिसमें पांच लाख से ज्यादा मुसलमानों ने इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की इमामत में नमाज अदा की और लखनऊ सहित उत्तर प्रदेश और पूरे देश में अमन व शान्ति के लिए विशेष दुआ कीं। नमाज के बाद अरबी में खुतबा अब्दुल हई रशीद फंरगी महली ने दिया।
इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पूर्व उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा, प्रदेश मंत्री दानिश आजाद अंसारी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, विधायक रवि दास मेहरोत्रा, विधायक अरमान खां, मसीही रहनुमा फादर ग्रेजाल्ड मेथाइल बिशप लखनऊ, फादर डोनाल्ड डिसूजा, सिक्ख रहनुमा राजेन्द्र सिंह बग्गा, हरपाल सिंह जग्गी, राकेश कुमार छतरी, गीता गांधी, ओपी श्रीवास्तव के अतिरिक्त विभिन्न राजनैतिक पार्टियों के नेताओं और विभिन्न धर्मो के धर्मगुरुओं, सरकार के उच्च अधिकारियों ने ईदगाह आकर ईद की मुबारकबाद दी।
मौलाना खालिद रशीद ने फिलिस्तीन पर हमलों की सख्त निन्दा की। उन्होंने अपील की कि बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा के साथ साथ हर सक्षम व्यक्ति एक गरीब बच्चे की शिक्षा की जिम्मेदारी लें। उन्होने कहा कि रमजान जैसा पवित्र माह हमें यह शिक्षा देता है कि हम अपने दिलों से नफरत, दुश्मनी को निकाल कर ईद के अवसर पर गले मिलें और आपसी भाई चारा मोहब्बत व हमदर्दी का सुबूत पेश करें।

मेले जैसा रहा माहौल
ईद के मौके पर मुस्लिम बाहुल्य मोहल्लों को रंग बिरंगी झंडियों से सजाया था। इसके अलावा तमाम तरह की गुब्बारों व खिलौनों की दुकानों पर बच्चों का हुजूम उमड़ पड़ा। बच्चों की खुशी देखते ही बन रही थी। फेसबुक, व्हाट्सऐप, एक्स, इंस्ट्राग्राम पर ईद का ऐलान होने के बाद मुबारकबाद देने का सिलसिला ईद-उल-फित्र के पूरे दिन चलता रहा। खूब सेल्फी ली गयी। नौका विहार पर भी ईद की वजह से काफी चहल पहल व रौनक रही।

महिलाओं ने घरों में की इबादत
ईद की खुशियों में महिलाएं भी आगे रहीं। रमजान में जिस तरह अपने कर्तव्यों का पालन किया। घर व बाहर दोनों को संभाला। उसी तरह ईद की खुशियों में चार चांद लगाने में वह दिलो-जान से लगी रहीं। मेहमान नवाजी के लिए सेवइयां व लजीज व्यंजन बनाए। घरों में शुक्राने की नमाज अदा की। शाम को सज-धज कर रिश्तेदारों, पड़ोसियों के यहां ईद की मुबारकबाद देने भी गईं।

सदका-ए-फित्र व जकात किया अदा
ईद-उल-फित्र की नमाज से पहले लोगों ने सदका-ए-फित्र अदा किया। लोगों ने ईदगाहों व मस्जिदों के बाहर गरीबों में फित्रा व जकात की रकम अदा की।

ये मिठास साल भर याद रहती है
ऐशबाग ईदगाह में अखिलेश यादव ने ईद को प्रेम सौहार्द का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि हर साल ईद पर आप लोगो से मिलने का मौका मिलता है। और ईद की सेवाइयां भी मिलती है। ईद पर मिलने वाली सेवइयों की मिठास पूरे साल रहती है

RELATED ARTICLES

13 वर्षों बाद बनेगा रामनवमी पर दुर्लभ ‘रविपुष्य योग’

पुष्य नक्षत्र को अत्यंत शुभ माना गया हैलखनऊ। हमारे सनातन धर्म में कुछ पर्व व त्योहार बड़े महत्वपूर्ण होते हैं जैसे महाशिवरात्रि, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी,...

फिल्म अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी आॅफ ए योगी का गीत लांच

दृढ़ संकल्प और अटूट हौसले की भावना को दर्शाता हैलखनऊ। सम्राट सिनेमैटिक्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ मिलकर अपनी आगामी फिल्म अजेय: द...

436वें युगऋषि वाङ्मय की स्थापना

ऋषि का साहित्य नैतिक शिक्षा प्रदान करता है : उमानन्द शर्मा लखनऊ। गायत्री ज्ञान मंदिर इंदिरा नगर, लखनऊ के विचार क्रान्ति ज्ञान यज्ञ अभियान के...

Latest Articles