पेशावर।पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में बुधवार को एक आईईडी में विस्फोट होने से चार पुलिसकर्मियों सहित नौ लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी। जिला पुलिस प्रवक्ता कुदरतुल्लाह खान ने बताया कि यह घटना लक्की मारवत जिले के सेराई नौरंग कस्बे में फल और सब्जी बाजार के पास व्यस्त बन्नू-डीआई खान रोड पर हुई। उन्होंने बताया कि शुरूआती जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने शहीद असमतुल्लाह खान खट्टक थाने के एक पुलिस गश्ती दल को निशाना बनाया।
खान ने बताया कि जिस वाहन में दल गश्त कर रहा था वह भी विस्फोट में क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने इलाके से गुजर रही पुलिस वैन को निशाना बनाने के लिए एक मोटरसाइकिल में आईईडी लगाया था। बन्नू क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी सज्जाद खान ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और प्रशासन को उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आतंकवादियों द्वारा किए गए ऐसे कायरतापूर्ण कृत्य पुलिस कर्मियों के संकल्प को नहीं तोड़ पाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि पुलिस शांति के शत्रुओं की नापाक योजनाओं को विफल करने के लिए पूरी तरह से तैयार और प्रतिबद्ध है।





