लखनऊ। शिया और सुन्नी समुदाय दोनों को ही बेसब्री से गुरुवार को ईद का चांद दिखने की उम्मीद थी लेकिन देर शाम तक ईद का चांद नजर नहीं आया। ऐसे में शिया और सुन्नी चांद कमेटी दोनों की तरफ से ही यह ऐलान किया गया है कि अब लखनऊ में ईद 21 मार्च यानी शनिवार को मनाई जाएगी। शिया चांद कमेटी हिंदुस्तान के प्रेसिडेंट सैयद सैफ अब्बास नकवी ने बताया कि ईद का चांद गुरुवार देर शाम तक नजर नहीं आया है, ऐसे में अब ईद 21 मार्च को लखनऊ में धूमधाम से मनाई जाएगी। इसको लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 21 मार्च को लखनऊ में दोनों समुदाय मिलकर ईद मनाएंगे। शिया और सुन्नी समुदाय के चांद कमेटी की ओर से लोगों को ईद की मुबारकबाद भी दी गई।
ईद की खरीदारी के लिए रोजेदारों की भीड़
लखनऊ। ईद को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अमीनाबाद व पुराने लखनऊ में सुबह शाम खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। खरीदारों के चलते बाजार गुलजार हो गए हैं। ईद की तैयारी को लेकर रोजेदारों की तरफ से खरीदारी तेज कर दी है। मुस्लिम समुदाय के सबसे बड़े पर्व ईद की घड़ी नजदीक आते ही राजधानी के बाजारों में रौनक आ गई है।
लखनऊ के सबसे बड़े बाजार अमीनाबाद में छोटी से लेकर बड़ी चीजों की खरीदारी करने वालों की तादाद बढ़ गई है। भीड़ बढ़ने से अमीनाबाद से नजीराबाद तक दुकानदारों में भी उत्साह का माहौल है। इस बार ईद के पहले कपड़ों, आभूषणों, नकली आभूषणों, जूते-चप्पल और घरेलू सामान का बाजार गरम है। अमीनाबाद में सुबह दस बजे से ही खरीदारी करने वाले लोगों की भीड़ हो रही है। बताया जाता है कि सुबह से देर शाम तक बाजार में करीब एक लाख लोग रोजाना खरीदारी कर रहें है। इस गिनती में दिनों-दिन इजाफा ही हो रहा है। बाजार के दुकानदारों के हिसाब से कारोबार में दोगुना इजाफा हुआ है।
सज गया सिवइयों का बाजार, खूब हो रही खरीदारी
लखनऊ। माहे रमजान का महीना मुकम्मल होने को है। ईद का त्योहार धीरे-धीरे नजदीक आ गया है। मुसलमान भाइयों के घरों में ईद की तैयारी शुरू है। मीठी सेवइयों का त्योहार ईद को यादगार बनाने के लिए जोरों पर तैयारी चल रही है। शहर के विभिन्न बाजार भी ईद त्योहार के अनुरुप सज गए हैं। बनारस, पटना और कोलकाता के सेवई से बाजार गुलजार है। इन दुकानों पर खरीदारों की खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
दुकानों में सजे किमामी सेवई, रुमाली सेवई, शर्बती सेवई, दूधफेनी सेवई के अलावा अन्य रंग-विरंगी सेवइयों से सजी दुकानें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। ईद के खास व्यंजन सिवईयों की खरीद शुरू हो चुकी है। शहर में सजे सिवईयों के बाजार में रौनक नजर आने लगी है। बनारसी, इलाहबादी और लखनवी कई तरह की सिवईं मार्केट में मौजूद हैं। बाजार का जो ट्रेंड है, उसके हिसाब से कहा जा सकता है कि लखनवी मोटी सिंवई के साथ ही इस बार बनारसी सिंवई काफी पसंद की जा रही है। इसके अलावा सूती फेना लच्छा सिवईं भी लोग खरीद रहे हैं। मौलवीगंज में सिंवई विक्रेता नूर ने बताया कि ईद करीब आ गई है तो सिवईं की ज्यादा खरीददारी हो रही है। लोग अपने लिए सिवईं खरीदने के साथ ही दूसरे शहरों में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को लखनऊ की सिवई का तोहफा भी भेज रहे हैं।
खूब खनक रहा है चूड़ी बाजार:
ईद के मौके पर इस बार सबसे ज्यादा खनक चूड़ी बाजार में सुनाई दे रही है। फैंसी चूड़ियों की काफी डिमांड हो रही है। कोई जमजम तो कोई लश्कारा चूड़ी मांग रहा है। शहर के चौक में पुरानी गल्ला मंडी मशहूर चूड़ी वाली गली में तरह.तरह की चूड़ियां उपलब्ध है। फैंसी चूड़ियों के दुकानदार सुल्तान ने बताया कि चूड़ी जमजम, चूड़ी स्टोन जरकन, चूड़ी लश्कारा, कंगन लटकन वाली और सुल्तान की डिजाइन की चूड़ियां महिलाओं को बहुत पसंद आ रही है। इस बार बाजार में 250 रुपये से लेकर 350 रुपए दर्जन तक की चूड़ियां बाजार में है। जिसकी ईद के मौके पर बम्पर बिक्री हो रही है। इस बार ईद के मौके पर कपड़ों का मार्केट भी दमक रहा है। तरह-तरह के लेडीज सूट, बच्चों के लिए किड्स वेयर की काफी रेंज उपलब्ध है। लक्ष्मी गारमेंट के दुकानदार सोनू-मोनू ने बताया कि ईद के इस सीजन में सबसे ज्यादा फैंसी शरारा, गरारा महिलाओं और लड़कियों को बहुत भा रहा है।
पिछली बार के मुकाबले कीमत में हुआ इजाफा:
अमीनाबाद के गड़बड़झाला बाजार के कारोबारी आमिर बताते हैं कि बाजार में फिलहाल अभी सामानों के रेट सामान्य हैं। यह बाजार आर्टिफिशियल ज्वेलरी का सबसे बड़ा बाजार है। यह बाजार प्रदेश के पांच बड़े बाजारों में गिना जाता है। यहां से बिहार और उत्तर प्रदेश के पूर्वी क्षेत्रों में नकली आभूषणों को भेजा जाता है। उन्होंने बताया कि बाजार में झुमका, नथनी, कंगन, चूड़ियां, गलाहार के रेट में कोई बदलाव नहीं है जो भी खरीदार इस बाजार में आते हैं, उनको मालूम है कि यहां का रेट पिछली ईद की तरह ही है।





