लखनऊ। वैलेंटाइन वीक के दूसरे दिन प्रमियों ने अपने प्यार का इजहार करके प्रपोज डे सेलिब्रेट किया। युवाओं ने प्रपोज डे पर शहर के पार्कों व मॉल में जाकर दोस्तों संग खूब इंजॉय किया, और एक दूसरे को प्रपोज डे विश किया। इश्क और मुश्क छुपाए नहीं छुपता, इसका जीता जागता उदाहरण है नवाबों का शहर लखनऊ। जहां पर वेलेंटाइन वीक देखने को मिल रहा है कि किस तरीके से हवा में प्यार घुला हुआ है। युवाओं का कहना है कि समय बदल रहा है और इसके साथ ही प्यार का इजहार का तरीका भी बदल रहा है। महंगाई के कारण चॉकलेट, गिफ्ट पैक, टूर पैकेज, पार्टी खर्च ज्यादा हो गया है। कहा जाता है कि मीठा खाने से प्यार बढ़ता है. इसलिए वेलेंटाइन पर चॉकलेट की डिमांड बहुत बढ़ जाती है। इसमें कई तरह के टेस्ट और फ्लेवर की वजह से जेब पर बोझ बढ़ रहा है।
इंदिरानगर के राजवीर ने कहा कि प्यार एक खूबसूरत एहसास है। महंगाई बढ़ रही है, इसलिए प्यार का इजहार पहले से मुकाबले काफी महंगा हो गया है। दूसरी बात यह है कि वेलेंटाइन वीक में अलग-अलग दिन निर्धारित हैं। अगर कोई अपनी फ्रेंड को प्रपोज करेगा तो इसके लिए चॉकलेट और फूल जरूर लेगा, जिसकी कीमत 500 रुपये से कम नहीं होगी। इसलिए कह सकते हैं कि समय के साथ प्यार महंगा हुआ है। कुछ लोग होते हैं जो प्रॉमिस डे पर अपनी गर्लफ्रेंड को रिंग पहनाना पसंद करते हैं। रिंग पहनाकर उनसे हमेशा साथ रहने का वादा करते हैं। यह सारी चीजों को देखते हुए कह सकते हैं कि प्यार का इजहार महंगा जरूर हुआ है। छात्र विवेक ने कहा कि यह तो सच बात है कि प्यार का इजहार करना महंगा हुआ है, क्योंकि प्यार का इजहार करने के दौरान चॉकलेट्स, फूल व गिफ्ट जैसी चीजों का हम इस्तेमाल करते हैं। इसलिए इजहार करना महंगा तो हुआ है। आने वाले समय में यह और भी महंगा होगा, क्योंकि दिन-ब-दिन महंगाई बढ़ रही है। इसलिए आने वाली जनरेशन के लिए प्यार का इजहार करना महंगा पड़ेगा। वहीं कुछ युवाओं ने कहा कि साल का दूसरा महीना यानी फरवरी प्रेमी जोड़ों के लिए बहुत ही खास होता है। फरवरी महीने के दूसरे सप्ताह में एक खास तरह के इम्तिहान की शुरूआत होती है, जिसे हर आशिक को अपने प्यार के लिए देना पड़ता है। कुछ लोग इस इम्तिहान के तैयारी के दौरान उत्साहित होते हैं तो वहीं कुछ लोग थोड़े नर्वस से रहते हैं। दरअसल सात दिनों तक चलने वाले इस परीक्षा के हर पेपर को पास करना जरूरी होता है।
केक के दामों में हुई बढोतरी:
बेकरी के थोक विक्रेता सुधांशु कटिहार के मुताबिक इस समय केक की कीमत थोड़ी सी बढ़ा दी गई है। वैसे तो हर दाम के केक उपलब्ध हैं. सबसे शुरूआती दाम 200 रुपये हैं। वैलेंटाइन के बाद 200 रुपये कीमत वाले केक का दाम 120-130 रुपये हो जाएगा। वेलेंटाइन वीक के दौरान बिक्री का सामान थोड़ा महंगा हुआ है। इसके अलावा वेलेंटाइन डे को भी लेकर पहले से ही बुकिंग लोग करा रहे हैं। ताकि वेलेंटाइन डे के दिन उन्हें कोई दिक्कत न हो। इस समय हमारे पास 500 से अधिक लोगों के फोन आ चुके हैं। जिन्होंने पहले से ही बुकिंग करा ली है।
फूलों के दाम बढ़े:
फूल व्यवसायी श्याम कुमार ने बताता कि वेलेंटाइन वीक में कोलकाता से मंगवाए गए गुलाब की कीमत 20 रुपये, जबकि बाहर से मंगवाए गए गुलाब की कीमत 60 रुपये और बेंगलूरू से मंगवाए गए गुलाब की कीमत 100 रुपये है। प्रपोज डे के दिन इसी गुलाब की कीमत 200 रुपये हो गयी। गुलाब के गुलदस्ते की अगर बात करें तो यह 500 से लेकर 1500 रुपये तक में उस दिन बिकेंगे। इसके अलावा लगातार फूलों के दाम बढ़ रहे हैं।
तरह-तरह के उपहार से सजे बाजार:
जब कोई खास हो तो उसे सेलिब्रेट करने का अंदाज आम क्यों हो? युवाओं को लुभाने के लिए बाजारों में चॉकलेट, पैकेट, डॉल, रंग-बिरंगे टेडीवीयर उपलब्ध हैं। दुकानदार बताते हैं कि खरीदारी का दौर आरंभ हो गया है। युवा सात फरवरी से 14 फरवरी तक हर दिन को नए अंदाज में मनाते हैं। कोई गुलाबी फूल देकर अपने पार्टनर से प्यार का इजहार करता है तो कोई महंगे तोहफे से इस दिन को सेलीब्रेट करता है। बाजार में 25 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक के उपहार उपलब्ध किए गए हैं।
रंगबिरंगे टेडी बियर कर रहे आकर्षित:
लखनऊ के गोमती नगर में आपको टेडी बियर 300-2000 की रेंज में मिल जाएगा। बात करें चॉकलेट की तो लड़कियों को चॉकलेट काफी पसंद होती है। अगर आप अपनी गर्लफ्रेंड या प्रेमिका को या पत्नी को चॉकलेट देना चाहते हैं तो लखनऊ शहर का अमीनाबाद मार्केट आपके लिए एकदम बेस्ट हो सकता है। अगर आप अपने प्रेमी या प्रेमिका को रोमांटिक गिफ्ट देना चाहते हैं तो लखनऊ शहर के लुलु मॉल जा सकते हैं जहां पर गिफ्ट, केक, चॉकलेट और टेडी पर भारी डिस्काउंट चल रहा है। लुलु मॉल के हाइपर लोकल मार्केट में सब कुछ आपको कम कीमतों पर एक ही जगह एक ही छत के नीचे मिल जाएगा। अगर आप अपने प्रेमी या प्रेमिका को कपड़े गिफ्ट करना चाहते हैं या उनकी पसंदीदा ड्रेस देना चाहते हैं वो भी कम बजट में तो गोमती नगर का पत्रकार पुरम बाजार जा सकते हैं।
चॉकलेट डे : रिश्तों में मिठास घोलने का दिन आज
जब इजहार कर चुके हैं तो अगले दिन मुंह मीठा करना बनता है। वैलेंटाइन वीक का तीसरा दिन चॉकलेट डे के तौर पर मनाया जाता है। यह हर साल 9 फरवरी को मनाया जाता है। साथ ही यदि रिश्तों में कुछ कड़वाहट आ गई है तो क्यों न इस दिन को मनाकर कर आप मिठास पैदा करें।
आज वैलेंटाइन वीक का तीसरा दिन है, जिसे चॉकलेट डे के रूप में मनाया जाता है। वैसे तो पूरे वैलेंटाइंस वीक ही चॉकलेट्स की अच्छी सेल होती है, लेकिन चॉकलेट डे पर यह ज्यादा ही बढ़ जाती है। आज के दिन चॉकलेट्स की सेल केवल कपल्स तक ही सीमित नहीं रहती। बच्चे भी इस दिन खूब चॉकलेट खरीदते हैं। भूतनाथ में बेकरी चलाने वाले सोनू ने बताया कि चॉकलेट डे पर युवा तो चॉकलेट खरीदने आते ही हैं, लेकिन बहुत से बच्चे भी इस दिन खूब चॉकलेट्स खरीदते हैं। कोई अपने दोस्तों के लिए खरीदता है तो कोई अपने परिवार के लिए। छोटे बच्चे स्कूल और कोचिंग सेंटर्स में बांटने के लिए भी चॉकलेट खरीदते हैं।
आर्चीज पर काम करने वाले पवन ने बताया कि युवाओं में हर साल वैलेंटाइन वीक स्पेशल चॉकलेट्स का जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है। इस बार भी कैडबरी की तरफ से कैडबरी सिल्क हार्ट ब्लश नाम की चॉकलेट खूब बिक रही है। रोज डे से ही इसकी सेल बढ़ गई थी। यह केवल वैलेंटाइन वीक तक ही मार्केट में देखने को मिलती हैं और इनकी लिमिटेड सप्लाई रहती है। महंगी होने की वजह से सभी दुकानों पर मिलती भी नहीं हैं, केवल बड़ी बेकरी और आर्चीज में ही मिलती हैं। इसकी कीमत 175 रुपये और 325 रुपये से लेकर 350 रुपये तक है।
आॅनलाइन चॉकलेट गिफ्ट्स भी ट्रेंडिंग:
पिछले कुछ वर्षों से युवाओं में आॅनलाइन चॉकलेट गिफ्ट्स का ट्रेंड भी बढ़ा है। कई वेबसाइट्स चॉकलेट डे पर लोगों की अलग-अलग पसंद के हिसाब से चॉकलेट गिफ्ट बॉक्स तैयार करती हैं। कई कंपनियां आॅनलाइन गिफ्ट बॉक्स में लोगों को अपने चाहने वालों की फोटो उनके नाम के साथ चॉकलेट बॉक्स पर लगवाने का आॅप्शन भी दे रही हैं। इसके साथ ही अपने प्रेमी के लिए एक कार्ड पर सीक्रेट मैसेज भी प्रिंट करवा सकते हैं। आॅनलाइन इन चॉकलेट गिफ्ट बॉक्स की कीमत 500 रुपये से शुरू हो कर 3000 रुपये तक है।





