back to top

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए कल्याण सिंह

उनके नाम पर होंगी छह जिलों की सड़कें जिनमें श्रीराम जन्मभूमि को जाने वाला मार्ग भी

अलीगढ़/लखनऊ । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का सोमवार को बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा तट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। कल्याण सिंह के पुत्र और एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने जय श्री राम और कल्याण सिंह अमर रहे के नारों के बीच उन्हें मुखाग्नि दी। कल्याण सिंह के पौत्र राज्यमंत्री संदीप सिंह भी मुखाग्नि प्रक्रिया में शरीक रहे। अतरौली स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह से एक लंबे काफिले के साथ कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार को दोपहर के उपरांत नरौरा पहुंचा। इसके पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अलीगढ़ के अतरौली पहुंचकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के नायक कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनके निधन से दबे, कुचले और पिछड़ों ने अपना एक हितचिंतक खो दिया है।

 

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने पांच जिलों में सड़कों का नाम पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह मार्ग करने का फैसला किया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या सहित छह जिलों लखनऊ, अलीगढ़, एटा, बुलंदशहर, प्रयागराज में एक-एक महत्वपूर्ण सड़क का कल्याण सिंह मार्ग नामकरण किया जायेगा। सड़क अब कल्याण सिंह के नाम पर होगी। इसके साथ ही अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक जाने वाली सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग होगा। राम मंदिर आंदोलन में कल्याण सिंह का बलिदान किसी से छिपा नहीं है। राम मंदिर के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री की कुर्सी तक छोड़ दी थी। राम मंदिर आंदोलन में उनके योगदान को देखते हुए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब उनके इस बलिदान के लिए सरकार ने उन्हें खास सम्मान दिया है। यूपी की कई सड़कें अब कल्याण सिंह मार्ग के नाम से जानी जायेंगी।

 

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर तक जाने वाले सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग रखा जायेगा। उन्होंने बताया कि इसको लेकर अब लोक निर्माण विभाग जल्द कागजी प्रक्रिया को पूरी करेगा। अधिकारियों को भी इस बाबत जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके साथ ही प्रदेश सरकार कल्याण सिंह की कर्मभूमि माने जाने वाले अलीगढ़ में एयरपोर्ट का नामकरण भी कल्याण सिंह एयरपोर्ट कर सकती है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय बाबू जी ने राम मंदिर के लिए सत्ता छोड़ दी लेकिन कारसेवकों पर गोली नहीं चलायी। राम भक्त बाबू जी कल्याण सिंह सदैव अमर रहेंगे। उनका निधन भारतीय राजनीति एवं भाजपा के लिए अपूरणीय क्षति है।

 

 

नरौरा घाट पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तराखंड के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट समेत उत्तराखंड के कई प्रमुख नेताओं ने कल्याण सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत राज्य के कई प्रमुख नेता शव यात्रा के साथ लगातार बने रहे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू की ओर से स्मृति ईरानी और प्रदेश की राज्यपाल की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्प चक्र अर्पित किया। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार की रात सवा नौ बजे लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया था। वह 89 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे। इसके पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज अलीगढ़ के अतरौली स्थित लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में पहुंचे और कल्याणसिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शाह ने कहा कि आज मैं कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए आया हूं। कल्याण सिंह का इस दुनिया से जाना भाजपा के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह के जाने के साथ ही भाजपा ने अपना एक दिग्गज और हमेशा संघर्षरत रहने वाला नेता खोया है।

 

 

 

देश भर के दबे कुचले और पिछड़ों तथा विशेषकर उत्तर प्रदेश के दबे कुचले पिछड़ों ने अपना एक हित चिंतक गंवाया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के कल्याण सिंह बड़े नेता रहे और राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए सत्ता त्याग करने में तनिक भी उन्होंने नहीं सोचा। पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए शाह ने कहा कि जब राम जन्मभूमि का शिलान्यास हुआ तो उसी दिन बाबूजी से बात हुई तो बड़े हर्ष और संतोष से उन्होंने बताया कि आज मेरे जीवन का लक्ष्य पूरा हुआ। उनका पूरा जीवन विकास और उत्तर प्रदेश के लोगों को लिए समर्पित रहा। उत्तर प्रदेश को अच्छा प्रदेश बनाने के लिए वह कार्यरत रहे। उन्होंने कहा कि गरीब तबके से उठकर इतना बड़ा नेता बनना, विचारधारा के लिए संघर्ष करना, समाज के लिए समर्पित रहना, यह सब हम सब भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा की चीजें रहेंगी। भाजपा के अंदर एक बड़ी रिक्तता बन गई है और इसे भर पाना लंबे समय तक मुश्किल होगा।

 

 

शाह ने कहा कि काफी समय से सक्रिय राजनीति में न रहते हुए भी जिस प्रकार जनसैलाब उन्हें श्रद्धांजलि देने आया, विशेषकर युवा, वह यही साबित करता है कि यूपी के सार्वजनिक जीवन पर उन्होंने एक गहरी छाप छोड़ी है। हम हृदय से गहरी श्रद्धांजलि देते हैं और वादा करते हैं कि गरीबों, पिछड़ों और दबे कुचलों के लिए संघर्षरत रहेंगे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कल्याण सिंह व्यक्ति नहीं, संस्था थे। आंदोलन थे। उनके दिमाग में गरीब, किसान, पिछड़े और शोषित के कल्याण की भावना थी। वह केवल उनके नेतृत्व में ही नहीं, उनकी कविताओं में भी प्रदर्शित होती थी। उन्होंने क्रांति का शंखनाद किया था। चौहान ने कल्याण सिंह की एक कविता भी सुनाई और कहा कि सामान्य परिवार में जन्म लेकर यूपी के मुख्यमंत्री तक का सफर और अयोध्या में भव्य मंदिर के निर्माण का संकल्प उनके बिना पूरा नहीं हो सकता था। उन्होंने मध्य प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह ने कहा कि राजनीति में ऐसे सच्चे नेता विरले होते हैं, जिन्हें जनसमर्थन प्राप्त होता है और उनके प्रति सच्ची श्रद्धा होती है।

RELATED ARTICLES

तेलुगु अभिनेता अल्लू सिरीश ने हैदराबाद में नयनिका से शादी की

नयी दिल्ली। तेलुगु अभिनेता अल्लू सिरीश अपनी प्रेमिका नयनिका के साथ हैदराबाद में शादी के बंधन में बंध गए।इस विवाह समारोह में कई जाने-माने...

ईरान की राजधानी तेहरान में कई विस्फोट, अमेरिका ने बमबारी तेज करने की चेतावनी दी

दुबई । ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार तड़के कई विस्फोट हुए, जिनसे आसमान में काले धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। इसके जवाब...

ईरान पर हमले का फैसला प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल छोड़ने के बाद किया गया : विदेश मंत्री सार

नयी दिल्ली। इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ईरान पर हवाई हमलों के बारे में...

तेलुगु अभिनेता अल्लू सिरीश ने हैदराबाद में नयनिका से शादी की

नयी दिल्ली। तेलुगु अभिनेता अल्लू सिरीश अपनी प्रेमिका नयनिका के साथ हैदराबाद में शादी के बंधन में बंध गए।इस विवाह समारोह में कई जाने-माने...

ईरान की राजधानी तेहरान में कई विस्फोट, अमेरिका ने बमबारी तेज करने की चेतावनी दी

दुबई । ईरान की राजधानी तेहरान में शनिवार तड़के कई विस्फोट हुए, जिनसे आसमान में काले धुएं के गुबार उठते दिखाई दिए। इसके जवाब...

ईरान पर हमले का फैसला प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल छोड़ने के बाद किया गया : विदेश मंत्री सार

नयी दिल्ली। इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ईरान पर हवाई हमलों के बारे में...

जन औषधि सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के सरकार के उद्देश्य को दर्शाती है: मोदी

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना देश के प्रत्येक नागरिक को किफायती दामों पर गुणवत्तापूर्ण...

पहले ही दिन चारधाम यात्रा के लिए एक लाख 23 हजार से अधिक आनलाइन पंजीकरण

देहरादून। उत्तराखंड में इस वर्ष की चारधाम यात्रा के लिए शुक्रवार से आॅनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया और पहले ही दिन एक लाख 23...

अबूधाबी के बजाय दक्षिण अफ्रीका में अभ्यास करेगी इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम

लंदन। इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण सुरक्षा चिंताओं के चलते आगामी श्रृंखलाओं की...