back to top

इजराइल- हमास युद्ध का शेयर बाजार पर दिखा असर, सेंसेक्स 483 अंक फिसला   

मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच निवेशकों ने सोमवार को वित्तीय एवं ऊर्जा कंपनियों के शेयरों में खासी बिकवाली की जिससे घरेलू मानक सूचकांक सेंसेक्स एवं निफ्टी लगभग एक प्रतिशत तक गिर गए।

विश्लेषकों के मुताबिक, इजराइल और हमास के बीच छिड़े संघर्ष से अनिश्चितता की स्थिति पैदा हुई है जिससे निवेशक बड़ा जोखिम लेने से बच रहे हैं। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 483.24 अंक यानी 0.73 प्रतिशत गिरकर 65,512.39 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 141.15 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,512.35 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में से सिर्फ तीन के शेयर ही बढ़त के साथ बंद हुए। इसी तरह निफ्टी के 50 में से 43 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड के शोध (खुदरा) प्रमुख श्रीकांत चौहान ने कहा, निवेशकों ने इजराइल-हमास संघर्ष छिड़ने से पैदा हुई अनिश्चितता को देखते हुए जोखिम लेने से परहेज किया। अधिकांश तेल उत्पादक देशों की मौजूदगी इस संघर्ष क्षेत्र के आसपास ही होने से कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमतें लड़ाई लंबा खिंचने पर उछल सकती हैं।

सेंसेक्स की कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा में सर्वाधिक 2.05 प्रतिशत की गिरावट रही। इसके बाद बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील, एसबीआई, एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक और टाइटन के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट दर्ज की गई।

दूसरी तरफ सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र की एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टीसीएस में क्रमश: 1.02 प्रतिशत एवं 0.47 प्रतिशत की बढ़त रही। हिंदुस्तान यूनिलीवर में भी 0.32 प्रतिशत की तेजी रही। व्यापक बाजार में बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में सर्वाधिक 1.72 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि मिडकैप 1.22 प्रतिशत नीचे आ गया। लार्जकैप सूचकांक को भी 0.84 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा।

कारोबारी खंडों में पूंजीगत उत्पाद शेयरों में 1.34 प्रतिशत की सर्वाधिक गिरावट रही। जिंस खंड 1.30 प्रतिशत, बैंक सूचकांक 1.04 प्रतिशत और वाहन खंड 0.95 प्रतिशत की गिरावट पर रहे। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, आईटी क्षेत्र सामान्य स्थिति की ओर लौटने के संकेत दे रहा है। हालांकि, दूसरी तिमाही के नतीजे सकारात्मक रहने पर सहमति बनी हुई है लेकिन भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से इस आशावादी परिदृश्य को झटका लग सकता है।

निवेशक इस सप्ताह के अंत में घोषित होने वाले वृहद-आर्थिक आंकड़ों से पहले सावधानी बरत रहे हैं। अगस्त के लिए औद्योगिक उत्पादन और विनिर्माण संबंधी आंकड़ों की घोषणा 12 अक्टूबर को की जाएगी जबकि 13 अक्टूबर को सितंबर महीने के लिए थोक मुद्रास्फीति की घोषणा की जाएगी।

एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त पर रहा जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट नुकसान में रहा। जापान के निक्की में आज अवकाश था। यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख देखा जा रहा था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को तेजी के साथ बंद हुए थे।

यह खबर पढ़े- इजराइल-हमास युद्ध में कौन जीतेगा, फर्क नहीं पड़ता, फायदे में रहेगा यह देश, जानिए कैसे 

RELATED ARTICLES

ईरान में फंसे बाराबंकी जिले के लोगों के परिजन चिंतित, केंद्र सरकार से लगाई मदद की गुहार

बाराबंकी। अमेरिका व इजराइल के हमले के बाद र्ईरान में फंसे बाराबंकी जिले के कई लोगों के परिवार बेहद चिंतित हैं और उन्होंने भारत...

दुबई में फंसीं इस अभिनेत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी

नयी दिल्ली। ‘जन्नत’ और ‘3जी- ए किलर कनेक्शन’ जैसी फिल्मों में अभिनय से मशहूर हुईं अभिनेत्री सोनल चौहान ने सभी उड़ान सेवाओं के अनिश्चितकालीन...

एफपीआई ने फरवरी में भारतीय शेयर बाजार में 22,615 करोड़ रुपये डाले, 17 माह का उच्चस्तर

नयी दिल्ली। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने फरवरी में भारतीय शेयर बाजार में 22,615 करोड़ रुपये डाले हैं, जो 17 माह का उच्चस्तर है।...

हर तरफ रंगों व पिचकारियों की धूम, जमकर हो रही खरीदारी

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अमीनाबाद, आलमबाग, भूतनाथ, आईटी चौराहा जिधर भी चले जाओ हर तरफ बाजार में होली की उमंग दिख रही है। कोई...

चंद्र ग्रहण आज, सूतक मान्य, बंद रहेंगे मंदिरों के कपाट

लखनऊ। फाल्गुन मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा (तीन मार्च) को साल के पहले चंद्रग्रहण पर सूतककाल में लखनऊ के सभी मंदिर बंद रहेंगे।...

भगवान नरसिंह की भव्य शोभा यात्रा व होली उत्सव कल

शोभा यात्रा एवं होली उत्सव का आयोजनलखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ द्वारा होली के पावन अवसर पर भगवान नरसिंह रंग भरी भव्य शोभा यात्रा...

मचो फाग घनघोर आज होरी झूम री…

गोमती तट पर सजी 84वीं लोक चौपाल, नाव में गूंजा फागलखनऊ। लोक संस्कृति शोध संस्थान द्वारा सोमवार को कुड़िया घाट पर 84वीं लोक चौपाल...

महाकाव्य ग्रन्थ महाभारत की कहानी है नाटक दूतवाक्यम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थानम एवं सफर फाउण्डेशन की ओर से नाटक दूतवाक्यम का मंचन बौद्ध शोध संस्थान में किया गया। नाटक का निर्देशन...

मैंने आंगन नहीं बुहारा कैसे आएंगे भगवान…

गायत्री यज्ञ, भजन कीर्तन संग हुआ प्रसाद वितरण लखनऊ। शास्त्री मोंटेसरी स्कूल, राजेंद्र नगर, लखनऊ में आज फाल्गुन चतुर्दशी/ पूर्णिमा के अवसर पर गायत्री यज्ञ,...