नयी दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) समर्थित राजमार्ग इन्फ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (आरआईआईटी) का शेयर अपने निर्गम मूल्य 100 रुपये के मुकाबले आठ प्रतिशत की बढ़त के साथ मंगलवार को बाजार में सूचीबद्ध हुआ। बीएसई पर शेयर ने निर्गम मूल्य से आठ प्रतिशत अधिक 108 रुपये पर कारोबार शुरू किया। एनएसई पर यह सात प्रतिशत की तेजी के साथ 107 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
कंपनी का बाजार मूल्यांकन 6,375.60 करोड़ रुपये रहा। राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन 13 मार्च को 13.74 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 6,000 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 99-100 रुपये प्रति शेयर था।
यह पहल राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचे के विस्तार में सार्वजनिक भागीदारी को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस सार्वजनिक निवेश ट्रस्ट का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग संपत्तियों से राजस्व जुटाने की संभावनाओं को खोलना है। साथ ही छोटे और घरेलू निवेशकों के लिए एक उच्च गुणवत्ता वाला लंबी अवधि का निवेश माध्यम तैयार करना है।





