जश्न-ए-आजादी मनाएगा गणतंत्र दिवस का भव्य महाउत्सव
आसमान में उड़ेंगे तिरंगे गुब्बारे और शांति के प्रतीक कबूतर
लखनऊ। देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति सम्मान का प्रतीक राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस इस वर्ष राजधानी लखनऊ में अत्यंत भव्य, गरिमामय और उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। सामाजिक संस्था जश्न-ए-आजादी द्वारा 26 जनवरी को आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों की जानकारी आज प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता के माध्यम से दी गई। संस्था के संरक्षक रोहित अग्रवाल ने कहा कि 26 जनवरी हमारा राष्ट्रीय पर्व है, जो हमें संविधान, एकता और अखंडता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश में बिना किसी भेदभाव के आपसी भाईचारे के साथ रहना चाहिए, जिससे राष्ट्र निरंतर प्रगति और विकास के पथ पर अग्रसर हो सके। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस को पूरे हर्षोल्लास, देशभक्ति और सामाजिक सौहार्द की भावना के साथ मनाया जाएगा, जिसमें सभी वर्गों और धर्मों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए जश्न-ए-आजादी के संस्थापक सदस्य मुर्तजा अली और बज्मी युनुस ने बताया कि संस्था द्वारा 18 जनवरी से 26 जनवरी तक विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी को काकोरी कांड के वीर शहीदों को जश्न-ए-आजादी की टीम द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 19 जनवरी को गणतंत्र दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने के संबंध में पदाधिकारियों से वार्ता के बाद प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
20 जनवरी को नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर, 21 जनवरी को शहीद स्मारक पर कैंडल जलाकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, 22 जनवरी को इंसानियत हॉस्पिटल, सर्वोदय नगर में रक्तदान शिविर, 23 जनवरी को शहर के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम, 24 जनवरी को शहीदों एवं महापुरुषों की मूर्तियों की सफाई एवं माल्यार्पण तथा 25 जनवरी को भारतीय संविधान पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को प्रात: 11:05 बजे हजरतगंज मल्टी-लेवल पार्किंग के बाहर सभी धर्मों के धमार्चार्यों की उपस्थिति में भव्य ध्वजारोहण किया जाएगा।
ध्वजारोहण के पश्चात तिरंगे गुब्बारे और शांति के प्रतीक कबूतर आकाश में छोड़े जाएंगे। इसके बाद शाम को हजरतगंज व्यापार मंडल एवं जश्न-ए-आजादी के संयुक्त तत्वावधान में देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति के तराने, बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रम विशेष आकर्षण होंगे तथा लड्डू का वितरण भी किया जाएगा।
जश्न-ए-आजादी की चेयरपर्सन रजिया नवाज ने कहा कि उनकी सोच हमेशा यही रही है कि जिस प्रकार सभी धर्मों के लोग अपने-अपने प्रमुख त्योहार—होली, दीपावली, ईद, गुरु पर्व और क्रिसमस—को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाते हैं, उसी प्रकार राष्ट्रीय पर्वों को भी समान सम्मान, गरिमा और एकता के भाव के साथ मनाना हम सभी का दायित्व है। राष्ट्रीय पर्व हमें एक सूत्र में बांधते हैं और देश के प्रति हमारे कर्तव्यों की याद दिलाते हैं।
इस आयोजन की संपूर्ण देखरेख वामिक खान द्वारा की जाएगी। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी की शाम हजरतगंज में आजादी की एक यादगार शाम के रूप में मनाई जाएगी। इसके अतिरिक्त, गणतंत्र दिवस की सुबह शहर में बिखरे हुए तिरंगों को एकत्र कर उन्हें सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखने का अभियान भी चलाया जाएगा।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जश्न-ए-आजादी के संस्थापक सदस्य मूर्तजा अली ने कहा कि देश को आजादी बड़े संघर्ष और बलिदानों के बाद मिली है और इस अमूल्य विरासत का उत्सव पूरे सम्मान और गरिमा के साथ मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं संस्था के पदाधिकारी जुबैर अहमद ने कहा कि जिस तरह धार्मिक पर्व सामूहिक रूप से मनाए जाते हैं, उसी तरह राष्ट्रीय पर्वों को भी एकजुट होकर मनाना चाहिए, जिससे देशभक्ति की भावना और अधिक सशक्त हो।
संस्थापक सदस्य, समाजसेवी एवं पत्रकार अब्दुल वहीद ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत कुर्बानियों का परिणाम है। देश में अमन-चैन, भाईचारा और सौहार्द बना रहे, यही जश्न-ए-आजादी की मूल भावना है।





