नयी दिल्ली। कप्तान और शानदार ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगले महीने होने वाली एफआईएच प्रो लीग के यूरोपीय चरण के लिए 24 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की कप्तानी करने के लिए बुधवार को वापसी हुई। एफआईएच प्रो लीग अगस्त में होने वाले विश्व कप से पहले तैयारी के लिए एक अहम टूर्नामेंट होगा। हरमनप्रीत ने निजी कारणों का हवाला देते हुए फरवरी में प्रो लीग का होबार्ट चरण नहीं खेला था।
भारतीय टीम सात से नौ जून तक ट्रेनिंग और एक मैत्री मैच के लिए ब्रसेल्स जाएगी। इस संक्षिप्त शिविर के बाद भारतीय टीम प्रो लीग के मुकाबलों के लिए 10 जून से नीदरलैंड के रॉटरडैम में रहेगी जहां उसे उसे 14 से 21 जून के बीच जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ मैच खेलने हैं। इसके बाद भारतीय टीम लंदन जाएगी जहां 23 से 28 जून तक प्रो लीग में उसका मुकाबला पाकिस्तान और इंग्लैंड से होगा।टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का एक अच्छा मिश्रण है ताकि 15 अगस्त से शुरू होने वाले विश्व कप से पहले मुख्य टीम को और मजबूत बनाया जा सके।
भारतीय कप्तान और रक्षण के अगुआ हरमनप्रीत को एक मजबूत रक्षात्मक इकाई का साथ मिलेगा जिसमें अमित रोहिदास, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह और युवा डिफेंडर अमनदीप लाकड़ा शामिल हैं।मिडफील्ड की कमान अनुभवी हार्दिक सिंह और मनप्रीत सिंह के अलावा विवेक सागर प्रसाद और राज कुमार पाल के हाथों में होगी।अग्रिम पंक्ति में मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, अभिषेक और सेल्वम कार्थी जैसे फॉरवर्ड शामिल हैं।
गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक, फॉरवर्ड अरायजीत सिंह हुंडल और मनिंदर सिंह, डिफेंडर पूवन्ना चंदुरा बॉबी और मिडफील्डर विष्णु कांत सिंह को स्टैंडबाय के तौर पर रखा गया है। टीम के चयन पर टिप्पणी करते हुए मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा,ट्रेनिंग बहुत अच्छी चल रही है और टीम अच्छी लय में है। जून में होने वाले एफआईएच प्रो लीग के मुकाबलों की हमें जरूरत है जिसमें विश्व स्तरीय टीम के खिलाफ कड़े मुकाबले होंगे और इनसे हमें पता चल जाएगा कि विश्व कप की तैयारियों के मामले में हम कहां हैं। हम इस चुनौती का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
टीम इस प्रकार है :
गोलकीपर: मोहित होनेनाहल्ली शशिकुमार, सूरज करकेरा डिफेंडर: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, सुमित, संजय, यशदीप सिवाच, अमनदीप लाकड़ा, जरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह मिडफील्डर: हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, राजिंदर सिंह, राज कुमार पाल, नीलकंठ शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, रबीचंद्र सिंह मोइरांगथेम फॉरवर्ड: मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह, अभिषेक, आदित्य अर्जुन लालागे, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सेल्वम कार्थी।





